जानिए कौन हैं 'बिग बॉस 14' में नजर आ रहीं निक्की तंबोली
छोटे पर्दे के विवादित शो 'बिग बॉस 14' में एंट्री करने वाली कंटेस्टेंट निक्की तंबोली ने आते ही घर में मौजूद सभी सदस्यों को बता दिया है कि वह किसी से भी डरने वालों में से नहीं है। उन्हें शो की सबसे हॉट और ग्लैमरस सदस्य के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, हिन्दी सिनेमा के दर्शकों के लिए निक्की एक नया चेहरा है, लेकिन दक्षिण भारतीय फिल्मों में उन्होंने अपनी अच्छी-खासी पहचान हासिल की हुई है।
हमेशा से ही ग्लैमर वर्ल्ड का हिस्सा बनना चाहती थीं निक्की
निक्की का जन्म औरंगाबाद, महाराष्ट्र में 21 अगस्त, 1996 में एक ईसाई परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती स्कूली शिक्षा औरंगाबाद से ही पूरी की। इसके बाद निक्की ने अपनी आगे की पढ़ाई के लिए मुंबई का रुख कर लिया। उन्होंने यहां के कॉलेज किशीबाई छालेराम (KC) कॉलेज से अपनी ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। उन्हें हमेशा से ही ग्लैमर वर्ल्ड का हिस्सा बनना चाहती थीं। इसी कारण वह मुंबई में ही रहने लगी।
कई बडे़ ब्रांड्स की मॉडल रह चुकी हैं निक्की
निक्की ने कॉलेज पूरा करते ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा लिया। सिर्फ 21 साल की उम्र में ही उन्हें कई मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिलने लगे। इसके अलावा वह कई विज्ञापनों का भी हिस्सा बनी। देखते ही देखते निक्की ने ऑनलाइन क्लॉथिंग वेब साइट शीन और स्टॉक बाय लव जैसे मशहूर ब्रांड्स के लिए भी मॉडलिंग करना शुरू कर दिया। इसी दौरान उन्हें दक्षिण भारत की सुपरहिट 'कंचना' के तीसरे भाग का हिस्सा बनने का मौका मिला।
इस फिल्म से शुरू किया था अभिनय करियर
निक्की ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2018 में तेलुगु फिल्म 'Chikati Gadilo Chitha Kotudu' से की थी। इस फिल्म में उन्हें अभिनेता अदित अरुण के साथ लीड एक्ट्रेस के तौर पर देखा गया था। इसके बाद उन्होंने पिछले साल रिलीज हुई फिल्म 'कंचना 3' से तमिल इंडस्ट्री में कदम रखा। राघव लॉरेंस के अभिनय से सजी इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया और इसी से निक्की को भी पहचान हासिल हुई।
मुंबई के DJ को डेट कर रही हैं निक्की
निक्की रिलेशनशिप स्टेट्स की बात करें तो उन्हें कई बार मुंबई के DJ रोहित गिदा के साथ देखा जा चुका है। हालांकि, शो में जब सलमान खान ने उनके रिलेशनशिप पर सवाल किया तो उन्होंने बताया कि वह अभी सिंगल हैं।
निक्की ने दमदार अंदाज में की थी 'बिग बॉस 14' के मंच पर एंट्री
शो में उन्होंने अपना परिचय देते हुए खुद को हॉट, सिजलिंग साउथ इंडियन एक्ट्रेस बताया था। उन्होंने बताया कि वह रियल लाइफ में भी उतनी ही बोल्ड हैं जितनी वह अपनी फिल्मों में दिखती हैं। निक्की ने 'बिग बॉस 14' में एंट्री करने से पहले ही कह दिया था, "मैं लोगों के दिलों से खेलने आ रही हूं।" अब देखना यह है कि वह आगे-आगे शो में क्या जलवे बिखेरती है।