नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी नयनतारा विग्नेश की लव स्टोरी पर डॉक्युमेंटरी
नयनतारा और विग्नेश शिवन की शादी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। शादी में दोनों सितारों के लुक से लेकर, यहां आने वाले मेहमानों तक, सब पर मीडिया की नजर रही। नयनतारा और विग्नेश करीब सात साल रिलेशनशिप में रहने के बाद बीते 9 जून को शादी के बंधन में बंधे थे। अब जल्द ही इनकी लव स्टोरी एक डॉक्युमेंटरी के रूप में देखने को मिलेगी। नेटफ्लिक्स इस स्टार कपल की कहानी पर डॉक्युमेंटरी रिलीज करने जा रहा है।
प्री-वेडिंग फोटो के साथ किया ऐलान
शुरू से ही नयनतारा और विग्नेश की शादी नेटफ्लिक्स पर जारी होने की खबरें थीं। हालांकि, कुछ दिन पहले चर्चा थी कि OTT प्लेटफॉर्म ने यह डील तोड़ दी है। अब सारी अफवाहों पर विराम लगाते हुए नेटफ्लिक्स ने इस डॉक्युमेंटरी का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। नेटफ्लिक्स ने ट्विटर पर दोनों के प्री-वेडिंग शूट की तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि इनकी कहानी जल्द ही आ रही है। इन तस्वीरों को देखकर प्रशंसक इन्हें 'कपल गोल' बता रहे हैं।
नेटफ्लिक्स ने शेयर कीं नयनतारा-विग्नेश की तस्वीरें
नेटफ्लिक्स अनस्क्रिप्टेड कंटेंट का घर है- सीरीज हेड
इंडिया टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा, "नयनतारा एक सुपरस्टार हैं जिनका अब तक का करियर करीब 20 साल लंबा है। अपने क्रिएटिव पार्टनर्स के साथ मिलकर हम नयनतारा के सफर को दिखाएंगे जो आखिरकार इस परीकथा जैसी शादी तक पहुंचा।" तान्या ने कहा कि नेटफ्लिक्स अनस्क्रिप्टेड कंटेंट का घर है। यह ऐसी कहानियां लाता है जो दर्शकों से सीधा जुड़ती हैं। इस डॉक्युमेंटरी का निर्देशन वसुदेव मेनन कर रहे हैं।
सितारों से भरी शादी प्रसारित करने के लिए हुई थी डील
रिपोर्ट्स के अनुसार नेटफ्लिक्स ने ही शादी की तैयारियों को स्पॉनसर किया था। इस प्लेटफॉर्म ने शादी की एक्सक्लुसिव तस्वीरों के राइट्स भी खरीदे हैं। खबरों के अनुसार नेटफ्लिक्स ने इस डॉक्युमेंटरी के लिए कपल से 25 करोड़ रुपये की डील की थी। नयनतारा और विग्नेश ने 9 जून को महाबलीपुरम के एक रेसॉर्ट में शादी रचाई थी। इस शादी में रजनीकांत, शाहरुख खान, बोनी कपूर, एआर रहमान, सूर्या, विजय सेतुपति जैसे सुपरस्टार्स ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी।
सात साल डेटिंग के बाद हुई शादी
नयनतारा और विग्नेश ने पहली बार 'नानुम राउडी धान' में साथ काम किया था। यह रोमांटिक-ऐक्शन फिल्म 2015 में आई थी। इसी फिल्म के सेट पर नयनतारा और विग्नेश की नजदीकियां बढ़ी थीं। छह साल तक डेटिंग के बाद दोनों ने अगस्त, 2021 में सगाई की थी। सोशल मीडिया पर दोनों की शादी की तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं। शादी के बाद रिसेप्शन समारोह में तमिलनाडु के कई अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में कपल ने खाना बंटवाया था।
न्यूजबाइट्स प्लस
नयनतारा फिल्म 'जवान' से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। इस फिल्म में वह शाहरुख खान के ऑपोजिट नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं। यह फिल्म अगले साल जून में आएगी।