'माइकल जैक्सन: द वर्डिक्ट' का ट्रेलर हुआ रिलीज, जानें कब और कहां देख पाएंगे सीरीज
नेटफ्लिक्स ने अपनी नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'माइकल जैक्सन: द वर्डिक्ट' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ये सीरीज साल 2005 में माइकल जैक्सन पर लगे बच्चों के यौन शोषण के आरोपों और उनके नाटकीय मुकदमे पर नए सिरे से गौर करती है।
इसमें जूरी सदस्य, चश्मदीद गवाह, आरोप लगाने वाले और बचाव पक्ष के लोगों की बातों को सुनकर मामले की एक संतुलित तस्वीर पेश करने की कोशिश की गई है।
ट्रेलर में दिखाई गई पुलिस फुटेज और जैक्सन की गुहार
ट्रेलर की शुरुआत माइकल के घर के तनाव भरे पुलिस फुटेज से होती है। इसमें एक इंटरव्यू देने वाला कहता है, "वो दुनिया का सबसे मशहूर शख्स है, जिस पर दुनिया के सबसे गंभीर अपराध का आरोप लगा है।"
ट्रेलर के आखिर में जैक्सन खुद कहते हैं, "कृपा कर खुले दिमाग से सोचें और मुझे अदालत में अपनी बात रखने का मौका दें।"
निक ग्रीन के निर्देशन में बनी इस सीरीज में पुराने वीडियो और विजुअल्स का इस्तेमाल किया गया है। इनमें जैक्सन मुकदमे के दौरान नजर आते हैं।
इसके जरिए साल 2005 में उन्हें मिली क्लीन चिट की पूरी कहानी फिर से सामने आती है।
ये डॉक्यूमेंट्री ऐसे समय में आई है, जब उनके भतीजे जाफर की बायोपिक 'माइकल' भी रिलीज हुई है। फिल्म 'माइकल' उनके जीवन के शुरुआती दौर पर केंद्रित थी।