LOADING...
क्या सिनेमाघरों में पिटी सलमान खान की 'सिकंदर' OTT पर करेगी करिश्मा? सामने आई रिलीज तारीख
'सिकंदर' कब हो रही OTT पर रिलीज? (तस्वीर: एक्स/@BeingSalmanKhan)

क्या सिनेमाघरों में पिटी सलमान खान की 'सिकंदर' OTT पर करेगी करिश्मा? सामने आई रिलीज तारीख

May 24, 2025
04:12 pm

क्या है खबर?

सलमान खान पिछली बार फिल्म 'सिकंदर' लेकर आए थे। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर उनकी यह फिल्म फेल हो गई। 'सिकंदर' ईद के मौके पर 30 मार्च 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। हालांकि, त्‍योहार के जश्‍न के माहौल में भी यह फिल्‍म वो कारनामा नहीं कर पाई, जिसकी सलमान की फिल्‍मों से उम्‍मीद की जाती है। अब ये फिल्म अपनी OTT रिलीज के लिए तैयार है। आइए जाने 'सिकंदर' कब और कहां रिलीज हो रही है।

ऐलान

25 मई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी फिल्म

'सिकंदर' OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर 25 मई से स्ट्रीम होने वाली है। नेटफ्लिक्स ने यह ऐलान करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'सुना है बहुत लोग सिकंदर का इंतजार कर रहे थे? सिकंदर आ गया है नेटफ्लिक्स पर राज करने। 25 मई से सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।' 'सिकंदर' को भी अन्य फिल्मों की तरह 8 हफ्ते का थिएट्रिकल विंडो मिली थी। अब देखना होगा कि सिनेमाघरों पर रंग ना जमाने वाली सलमान की ये फिल्म OTT पर क्या चमत्कार करती है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए नेटफ्लिक्स का पोस्ट

सौदा

फिल्म ने पहले ही निकाल लिया था बजट का बड़ा हिस्सा

एआर मुरुगदॉस के निर्देशन में बनी 'सिकंदर' का बजट 200 करोड़ रुपये था। सिनेमाघरों से भले ही इसके लागत की भरपाई नहीं हो पाई, लेकिन OTT की डील, टीवी पर प्रसारण के लिए सैटेलाइट राइट्स और म्‍यूजिक राइट्स के बूते इसने रिलीज से पहले ही अपने बजट का बड़ा हिस्‍सा वसूल लिया था। 'सिकंदर' की रिलीज से पहले ही यह खबर आई थी कि OTT पर रिलीज के लिए निर्माताओं ने 85 करोड़ रुपये की डील साइन की थी।

प्रदर्शन

बॉक्स ऑफिस पर हुआ 'सिकंदर' का डिब्बा गोल

सिनेमाघरों में आई 'सिकंदर' ने जिस तरह से शुरुआत की थी, उसे देखकर तो ये लगा था कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई रिकॉर्ड बनाएगी। हालांकि, रिकॉर्ड बनाना तो दूर फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर एक-एक दिन बिताना मुश्किल हो गया। इसकी कमाई ने न सिर्फ सलमान, बल्कि उनके प्रशंसकों के अरमानों पर भी पानी फेर दिया। दुनियाभर में इस फिल्म ने लगभग 184 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म में सलमान की जोड़ी रश्मिका मंदाना संग बनी थी।

आगामी फिल्म

सलमान अब इस फिल्म में आएंगे नजर

सलमान अपनी अगली फिल्म की तैयारी में जुट गए हैं, जिसके निर्देशन अपूर्वा लखिया कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग 2025 की दूसरी छमाही में शुरू हो जाएगी। इस फिल्म कहानी साल 2020 के गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित है। यह फिल्म किताब 'इंडियाज मोस्ट फीयरलेस 3' के एक अध्याय पर आधारित होगी, जिसे शिव अरूर और राहुल सिंह ने लिखा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान इस फिल्म में कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभाने वाले हैं।