नेटफ्लिक्स की नई फिल्म में भिड़ेंगे विजय वर्मा और जयदीप अहलावत, दिनेश विजान ने खेला दांव
क्या है खबर?
नेटफ्लिक्स ने विजय वर्मा और जयदीप अहलावत को अपनी अगली ओरिजिनल फिल्म के लिए एक साथ साइन किया है। मैडॉक फिल्म्स के दिनेश विजन इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म के निर्माता हैं, वहीं निर्देशन कुणाल देशमुख करेंगे, जिन्होंने इमरान हाशमी की सुपरहिट 'जन्नत' फ्रैंचाइजी, 'तुम मिले' और 'राजा नटवरलाल' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। नेटफ्लिक्स की इस नई पेशकश में विजय और जयदीप का कड़ा मुकाबला पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज साबित होने वाला है।
टकराव
2 कलाकार, एक फिल्म और कांटे की टक्कर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी को अभी गुप्त रखा गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक ये एक बेहद रोमांचक ड्रामा-एक्शन थ्रिलर होने वाली है।
इस फिल्म की सबसे बड़ा आकर्षण विजय वर्मा और जयदीप अहलावत का आपस में आमना-सामना होगा। दोनों कलाकार ऐसे किरदार में दिखेंगे, जिसमें मनोरंजन के साथ-साथ गहरा ड्रामा भी होगा।
अलग-अलग स्टाइल वाले इन 2 बड़े कलाकारों का पर्दे पर टकराव ही इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत बनने वाला है।
स्टारकास्ट
फिल्म में ये कलाकार भी आएंगे नजर
फिल्म की स्टारकास्ट को और भी मजबूत बनाने के लिए 2 और बेहतरीन अभिनेताओं को शामिल किया गया है।
फिल्म में 'अनदेखी' और 'असुर' से मशहूर हुए अभिनेता अभिषेक चौहान और मराठी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता व फिल्म मेकर चिन्मय मांडलेकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
चिन्मय न केवल एक मंझे हुए कलाकार हैं, बल्कि वो एक बेहतरीन निर्देशक भी हैं। उन्होंने हाल ही में नेटफ्लिक्स के लिए मनोज बाजपेयी स्टारर थ्रिलर 'इंस्पेक्टर जेंडे' का निर्देशन भी किया है।
साथी
असली जिंदगी के जिगरी दोस्त अब बनेंगे जानी-दुश्मन
उधर विजय वर्मा और जयदीप अहलावत असल जिंदगी में बेहद करीब हैं।
दोनों ने पुणे के FTII से साथ में पढ़ाई की है और राजकुमार राव संग हॉस्टल का कमरा साझा किया है।
करियर के उतार-चढ़ाव में एक-दूसरे का साथ देने वाले इन दोस्तों ने साल 2023 में आई करीना कपूर अभिनीत फिल्म 'जाने जां' में साथ काम किया था। अब नेटफ्लिक्स इन FTII दोस्तों को एक बार फिर सामने ला रहा है।
शूटिंग और रिलीज
कब शुरू होगी शूटिंग और कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म का काम 1 महीने से चल रहा है। अगले हफ्ते मुंबई में शूटिंग शुरू होगी।
पहले नेपाल में शूटिंग होनी थी, लेकिन अगस्त की भारी बाढ़ की वजह से योजना बदलकर निर्माताओं ने शूटिंग के लिए भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों को चुन लिया।
मुंबई में शूटिंग के बाद पूरी टीम पूर्वोत्तर जाएगी, फिर आखिरी काम के लिए मुंबई वापस लौटेगी। निर्माता जनवरी तक शूटिंग खत्म कर साल 2027 के बीच में फिल्म रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।