Page Loader
ना 'भाईजान' और ना 'कभी ईद कभी दिवाली', यह है सलमान की अगली फिल्म का नाम
'किसी का भाई किसी की जान' रखा गया फिल्म का नाम

ना 'भाईजान' और ना 'कभी ईद कभी दिवाली', यह है सलमान की अगली फिल्म का नाम

Aug 27, 2022
01:39 pm

क्या है खबर?

सलमान खान काफी समय से 'कभी ईद कभी दिवाली' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल में खबरें आई थीं कि फिल्म का नाम बदलकर 'भाईजान' कर दिया गया है। अब सलमान ने खुद बता दिया है कि उनकी इस फिल्म का नाम क्या होगा। सलमान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि ना तो 'भाईजान' और ना ही 'कभी ईद कभी दिवाली', बल्कि फिल्म का टाइटल 'किसी का भाई किसी की जान' रखा गया है।

ट्विटर पोस्ट

सलमान ने ट्विटर पर शेयर किया फर्स्ट लुक

टाइटल के साथ ही सलमान ने ट्विटर पर इस फिल्म से अपना फर्स्ट लुक भी शेयर किया है। उनका लुक कमाल का लग रहा है। अभिनेता लंबे बाल और चश्मा में गजब ढा रहे हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में 34 साल पूरे कर लिए हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, '34 साल पहले अब था और 34 साल बाद भी अब है। मेरे जीवन की यात्रा कहीं से भी शुरू हुई, जो अब और यहां 2 शब्दों से बनी है।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए फिल्म से सलमान की पहली झलक

विवाद

क्या विवाद से बचने के लिए बदला गया टाइटल?

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद से बचने के लिए 'कभी ईद कभी दिवाली' के टाइटल को बदला गया। एक सूत्र ने बताया था कि सलमान को लगा था कि इस टाइटल के साथ आगे चलकर विवाद हो सकता है। इसमें जो दो टर्म ईद और दिवाली हैं, उससे बचने के लिए इसका नाम 'भाईजान' किया गया था। मेकर्स को लगा कि 'भाईजान' भी एक जातीय भावना को व्यक्त करता है।

रोमांस

पूजा हेगड़े के साथ रोमांस करते दिखेंगे सलमान

'किसी का भाई किसी की जान' में साउथ स्टार वेंकटेश और पूजा हेगड़े भी नजर आएंगी। फिल्म में 56 वर्षीय सलमान पहली बार 31 वर्षीया अभिनेत्री पूजा के साथ रोमांस करते दिखेंगे। फिल्म की कहानी काफी हद तक सलमान के परिवार से प्रेरित लगती है। इसमें एक ऐसे परिवार की कहानी होगी, जिसमें ईद और दिवाली दोनों त्योहार मनाए जाते हैं। फिल्म अगले साल ईद के मौके पर रिलीज हो सकती है।

डेब्यू

शहनाज गिल करेंगी इस फिल्म से डेब्यू

इस फिल्म से शहनाज गिल बॉलीवुड में अपना डेब्यू करेंगी। सलमान के बहनोई और अभिनेता आयुष शर्मा भी फिल्म का हिस्सा हैं। इसमें वह सलमान के भाई की भूमिका निभा सकते हैं। फिल्म में अभिनेता जहीर इकबाल भी दिखाई देंगे, जिन्हें सलमान ने 'नोटबुक' में लॉन्च किया था। माना जा रहा है कि जहीर फिल्म में सलमान के तीसरे भाई की भूमिका अदा करेंगे। फिल्म का निर्देशन फरहाद सामजी कर रहे हैं, वहीं इसे सलमान ही प्रोड्यूस करेंगे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

कहा जाता है कि जब साजिद नाडियाडवाला इस फिल्म का निर्माण कर रहे थे, तो उन्होंने भाइयों की भूमिकाओं के लिए अरशद वारसी और श्रेयस तलपड़े जैसे कलाकारों पर विचार किया था। हालांकि, उनके नामों पर सहमति नहीं बन पाई।