पत्रकार नीरू शर्मा अब बनीं निर्देशक, फिल्म महोत्सवों में जलवा बिखेरेगी उनकी शॉर्ट फिल्म 'बांद्रा बॉय'
वरिष्ठ पत्रकार नीरू शर्मा अब स्क्रीनराइटिंग और फिल्ममेकिंग के बाद पहली बार निर्देशक की कुर्सी संभालने जा रही हैं। उन्होंने 'बांद्रा बॉय' नाम की एक 21 मिनट की थ्रिलर शॉर्ट फिल्म बनाई है, जिसकी कहानी उन्होंने खुद लिखी है और इसे प्रोड्यूस भी खुद ही किया है। ये फिल्म देश-विदेश के कई बड़े फिल्म समारोहों में दिखाई जाएगी। फिल्म की कहानी इस बात पर आधारित है कि हम आम लोग मशहूर हस्तियों को किस नजर से देखते हैं और कितनी जल्दी उनके बारे में कोई भी राय बना लेते हैं।
इंटरनेट पर मौजूद अधूरी खबरों का सच दिखाएगी ये फिल्म
फिल्म 'बांद्रा बॉय' दिखाती है कि मीडिया में कोई भी खबर आते ही लोग कितनी जल्दी अपनी राय बना लेते हैं, जबकि सच अक्सर कुछ और ही होता है। नीरू शर्मा बताती हैं कि उनकी ये फिल्म 'बिना सोचे-समझे किसी नतीजे पर पहुंचने के बुरे नतीजों को दिखाती है। ये फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है कि हम किसी भी मशहूर इंसान को इतनी जल्दी सही या गलत क्यों मान लेते हैं। साथ ही ये याद दिलाती है कि इंटरनेट पर जो कुछ भी ट्रेंड हो रहा हो, जरूरी नहीं कि वही सच हो।