NCPCR ने 'बॉम्बे बेगम्स' की टीम के खिलाफ FIR की मांग की, जानिए कारण
क्या है खबर?
नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज 'बॉम्बे बेगम्स' को 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया था। इसके बाद यह सीरीज विवादों में रही है।
सीरीज में बच्चों को अनुचित तरीके से दिखाने का आरोप लगा है। इसी वजह से अब राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने सीरीज की टीम के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
NCPCR ने महाराष्ट्र के अतिरिक्त मुख्य सचिव को इस संबंध में पत्र लिखा है।
जानकारी
आयोग ने तीन दिनों के अंदर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी
इस मामले में महाराष्ट्र के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनु कुमार श्रीवास्तव को लिखे पत्र में NCPCR ने 'बॉम्बे बेगम्स' के मेकर्स के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
खबरों की मानें तो आयोग ने तीन दिनों के अंदर मुंबई पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है।
आयोग ने अपने पत्र में लिखा कि मुंबई पुलिस ने उन्हें बताया था कि इस मामले में कार्रवाई करने के लिए उन्हें अपने आला अधिकारियों से अनुमति की जरूरत होगी।
बयान
पुलिस प्रक्रियाओं का पालन नहीं कर रही है- NCPCR
आयोग ने पत्र में लिखा, 'यह गंभीर मसला है जब पुलिस प्रक्रियाओं का पालन नहीं कर रही है। आपसे आग्रह किया जाता है कि मामले पर संज्ञान लें। यह सुनिश्चित करें कि आगे से बाल अधिकारों और कानून का उल्लंघन नहीं होगा।'
मुंबई के पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले को लिखे एक अन्य पत्र में NCPCR ने उन्हें 28 मई को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोग के समक्ष कार्रवाई रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है।
नोटिस
NCPCR ने नेटफ्लिक्स को जारी किया था नोटिस
NCPCR ने 11 मार्च को नेटफ्लिक्स को एक नोटिस जारी किया था और 24 घंटों में सीरीज की स्ट्रीमिंग रोकने के लिए कहा था।
नोटिस में आयोग ने कहा था कि 24 घंटे के अंदर जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में 24 घंटे के अंदर एक विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा गया था।
आयोग को शिकायत मिली थी कि इस सीरीज में बच्चों को कैजुअल सेक्स और ड्रग्स का सेवन करते हुए दिखाया गया है।
जानकारी
मुख्य भूमिका में हैं ये अभिनेत्रियां
इस सीरीज में पूजा भट्ट के साथ अमृता सुभाष, शाहाना गोस्वामी, प्लाबिता बोरठाकुर और आध्या आनंद मुख्य भूमिका में नजर आई हैं। इन पांचों महिला कलाकारों को सीरीज के पोस्टर में प्रमुखता से जगह दी गई थी।
महिला केंद्रित
महिला केंद्रित है यह सीरीज
सीरीज महिला केंद्रित है, इसलिए महिला कलाकारों की भूमिका इसमें महत्वपूर्ण है। इस सीरीज की कहानी पांच आधुनिक भारतीय महिलाओं के इर्दगिर्द घूमती है।
ये पांचों महिलाएं मुंबई की रहने वाली हैं। सीरीज में महिलाएं अपनी महत्वाकांक्षा, इच्छा, संघर्ष और ताकत को प्रतिबिंबित करती नजर आती हैं।
इसमें महत्वाकांक्षी महिलाओं की जिंदगी को पर्दे पर दिखाया गया है। करीब एक दशक बाद पूजा ने इस सीरीज से बॉलीवुड में वापसी की है। इसका निर्देशन अलंकृता श्रीवास्तव ने किया है।
दिशानिर्देश
सरकार ने OTT प्लेटफॉर्म के लिए जारी किए थे दिशानिर्देश
कुछ महीने पहले OTT प्लेटफॉर्म पर आई वेब सीरीज 'तांडव' को लेकर विवाद हुआ था। इस सीरीज पर आपत्तिजनक कंटेंट को परोसने का आरोप लगा था।
इसके बाद इस साल फरवरी में सरकार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी निगरानी रखने के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे।
सरकार ने थ्री टियर रेग्युलेटरी बॉडी का निर्माण किया गया था। पहली दो टियर बॉडी का उदेश्य सेल्फ रेगुलेशन का होगा। विवाद की स्थिति में तीसरी टियर बॉडी सरकार की तरफ से निगरानी करेगी।