'मूकुथी अम्मन 2' का टीजर हुआ रिलीज, नयनतारा का 'महा शक्ति' अवतार देख उड़ जाएंगे होश
'मूकुथी अम्मन 2- महा शक्ति' का टीजर विनायक चतुर्थी पर रिलीज हुआ है और आते ही इसने लोगों के बीच खूब धूम मचा दी है।
इस बार नयनतारा जानी-मानी देवी के अवतार में वापसी कर रही हैं। फिल्म की कहानी पहले पार्ट से ज़्यादा गंभीर और नाटकीय लग रही है।
सुंदर सी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 6 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
टीजर में दिखा सीक्वल का भक्ति-थ्रिलर अंदाज
पहले पार्ट का अंदाज जहां हल्का-फुल्का था, वहीं यह सीक्वल एक गंभीर भक्ति-थ्रिलर की तरह दिख रहा है। टीजर में एक महाकाव्य जैसी कहानी की झलक मिलती है, जो कई युगों तक फैली हुई है।
इसमें एक रानी अपने बेटे को बचाने के लिए बड़ा बलिदान देती है, वहीं मूकुथी अम्मन अपनी दैवीय शक्तियों से मोर्चा संभालती हैं।
इतना ही नहीं, रेजीना कैसेंड्रा एक रहस्यमयी नए विलेन की भूमिका में भी दिखाई देंगी।
फिल्म की स्टारकास्ट
नयनतारा के साथ फिल्म में बीआर विजयकुमार, उर्वशी और योगी बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वेंकट राघवन ने इस फिल्म की कहानी लिखी है, जबकि इशारी के गणेश (वेल्स फिल्म इंटरनेशनल) इसके निर्माता हैं।
हिप हॉप तमिजा ने इसका संगीत दिया है, तो जाहिर है कि दर्शकों को कुछ बेहतरीन गाने सुनने को मिलेंगे।