Page Loader
शादी के चार महीने बाद नयनतारा-विग्नेश शिवन बने जुड़वा बच्चों के माता-पिता
नयनतारा-विग्नेश शिवन बने जुड़वा बच्चों के माता-पिता (फोटो: इंस्टाग्राम/@NetflixIndia)

शादी के चार महीने बाद नयनतारा-विग्नेश शिवन बने जुड़वा बच्चों के माता-पिता

Oct 10, 2022
10:38 am

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय अभिनेत्री नयनतारा और फिल्ममेकर विग्नेश शिवन के घर खुशियों की किलकारी गूंजी है। ये दोनों शादी के महज चार महीने बाद जुड़वा बच्चों के माता-पिता बन गए हैं। इस मौके पर कपल की खुशी का ठिकाना नहीं है। बीते रविवार को 37 वर्षीय विग्नेश ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों को खुशखबरी दी है। उन्होंने अपने जुड़वा बच्चों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

बच्चों का नाम रखा उइर और उलगम

विग्नेश ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर जुड़वा बच्चों की कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कैसे नयनतारा और विग्नेश ने अपने हाथों में बच्चों के नन्हें पैरों को पकड़ा हुआ है। हालांकि, कपल ने बच्चों का चेहरा नहीं दिखाया है। विग्नेश ने अपने पोस्ट में लिखा, 'नयन और मैं अम्मा-अब्बा बन गए हैं। हमें जुड़वा बेबी बॉय का आशीर्वाद मिला है। हमारे उइर और उलगम के लिए आपके आशीर्वाद की जरूरत है।'

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए विग्नेश का इंस्टाग्राम पोस्ट

रिपोर्ट्स

सरोगेसी के जरिए मां बनीं नयनतारा?

रिपोर्ट्स की मानें तो नयनतारा सरोगेसी के जरिए मां बनी हैं। सरोगेसी में लोग बच्चा पैदा करने के लिए किसी महिला की कोख किराए पर ले सकते हैं। जो महिला अपनी कोख में दूसरे का बच्चा पालती है, वो सरोगेट मां कहलाती है। 2013 में शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान सरोगेसी के द्वारा माता-पिता बने थे। प्रीति जिंटा भी सरोगेसी के जरिए जुड़वां बच्चों की मां बनी थीं। करण जौहर भी सरोगेसी से पिता बन चुके हैं।

शादी

9 जून को हुई थी दोनों की शादी

37 वर्षीया नयनतारा के मां बनने की खबर ने कुछ प्रशंसकों को सरप्राइज दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस कपल को बधाइयां दे रहे हैं। ये दोनों 9 जून को शादी के रिश्ते में बंधे थे। कपल की शादी के कार्यक्रम में बॉलीवुड के कई सितारों ने भाग लिया था। महाबलीपुरम के एक रिजॉर्ट में दोनों की शादी की रस्में पूरी हुई थीं। दुल्हा-दुल्हन की जोड़ी में दोनों ने खूब फैंस की वाहवाही बटोरी थी।

डेटिंग

सात सालों तक नयनतारा और विग्नेश ने किया एक-दूसरे को डेट

सात सालों के प्रेम-प्रसंग के बाद नयनतारा और विग्नेश शादी के रिश्ते में बंधे। दोनों ने पिछले साल ही सगाई की थी। नयनतारा और विग्नेश की पहली मुलाकात उनकी हिट फिल्म 'नानुम राउडी धन' के सेट पर हुई थी। फिल्म के इसी सेट पर दोनों के बीच प्यार पनपा था। सोशल मीडिया पर दोनों खुलेआम अपने प्यार का इजहार करते नजर आते थे। शादी के बाद रिसेप्शन समारोह में तमिलनाडु के अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में कपल ने खाना बंटवाया था।

डॉक्यूमेंट्री

जल्द आएगी नयनतारा-विग्नेश की लव स्टोरी पर डॉक्यूमेंट्री

नेटफ्लिक्स पर नयनतारा-विग्नेश की कहानी पर जल्दी ही डॉक्यूमेंट्री रिलीज होगी। नेटफ्लिक्स ने ट्विटर पर दोनों के प्री-वेडिंग शूट की तस्वीरें शेयर करते हुए बताया था कि इनकी कहानी जल्द ही आ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार नेटफ्लिक्स ने ही शादी की तैयारियों को स्पॉनसर किया था। इस प्लेटफॉर्म ने शादी की एक्सक्लुसिव तस्वीरों के राइट्स भी खरीदे हैं। खबरों के अनुसार नेटफ्लिक्स ने इस डॉक्यूमेंट्री के लिए कपल से 25 करोड़ रुपये की डील की थी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

नयनतारा फिल्म 'जवान' से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। इस फिल्म में वह शाहरुख खान के ऑपोजिट नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं। यह फिल्म अगले साल जून में आएगी।