नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने 'रमन राघव' की शूटिंग के दौरान इस वजह से खुद को किया था लोगों से अलग
साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म 'रमन राघव 2.0' को दर्शकों ने बहुत पसंद किया और यह देखते ही देखते एक कल्ट फिल्म बन गई।
इसकी बड़ी वजह थी नवाजुद्दीन सिद्दीकी का सीरियल किलर रमन के किरदार में डरावना और दमदार अभिनय।
इस भूमिका में गहराई तक उतरने के लिए नवाजुद्दीन ने लोनावला के एक सुनसान होटल में जाकर खुद को सबसे अलग कर लिया था।
उन्होंने वहां रहकर रमन के उलझे हुए और खौफनाक दिमाग को समझने की पूरी कोशिश की।
क्या है फिल्म की कहानी?
नवाजुद्दीन ने अपनी सारी लाइनें तो याद कर ली थीं, पर वह रमन के किरदार को और खास और अलग दिखाने के नए-नए तरीके तलाश रहे थे।
उन्होंने बताया, 'मैं लगातार अपने आप से पूछता रहता था कि मैं इसे कैसे सबसे अलग बनाऊं?' उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती रमन की असलियत को, उसके सच को वैसे ही स्वीकार करना था जैसा वह था।
उन्हें अपने आप को यह समझाने में पूरे 3 दिन लग गए कि वह इस किरदार को निभा सकते हैं और इसी जबरदस्त तैयारी और मेहनत का नतीजा था कि यह फिल्म हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में से एक बन गई।