नवाजुद्दीन सिद्दीकी का 'देसी दांव', अपने ही गांव में 55 बीघा जमीन पर करोड़ों का निवेश
क्या है खबर?
अपनी बेमिसाल अदाकारी के लिए मशहूर नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनका खेती के प्रति प्रेम है। नवाज ने उत्तर प्रदेश में 55 बीघा कृषि भूमि खरीदी है, जिसके बाद उनके अभिनय छोड़ने और खेती को समय देने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। मिट्टी से जुड़े इस कलाकार का अपनी जड़ों की ओर ये झुकाव उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
सौदा
करोड़ों रुपये में हुई डील
नवाजुद्दीन ने उत्तर प्रदेश में अपने पैतृक गांव मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में अपने नाम पर कृषि भूमि खरीदी है। जमीन की रजिस्ट्री पूरी करने के लिए अभिनेता अपने परिवार और भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी संग तहसील स्थित उप-पंजीयक कार्यालय पहुंचे। रिपोर्ट्स के अनुसार, ये जमीन लगभग 55 बीघा है, जिसकी कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तहसील कार्यालय में नवाज को देख स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जहां अभिनेता बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आए।
प्यारे
तहसील में नवाजुद्दीन का स्वागत, प्रशंसकों ने ली तस्वीरें
अभिनेता अपने भाई और फिल्म निर्माता फैजुद्दीन सिद्दीकी के साथ बुढ़ाना पहुंचे। इस यात्रा के दौरान उन्होंने अपनी मां हज्जन मेहरुनिशन और परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात की। तहसील मुख्यालय में उनके साथ उनके भाई, अधिवक्ता (वकील) अल्मासुद्दीन सिद्दीकी और मजुद्दीन सिद्दीकी भी मौजूद रहे। जैसे ही नवाजुद्दीन के आने की खबर फैली, तहसील में उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
पसंद
अभिनय के बाद भी दिल किसान का
बॉलीवुड में जहां सितारे अपनी छुट्टियों के लिए विदेशों की सैर करना पसंद करते हैं, वहीं नवाजुद्दीन अपने पैतृक गांव बुढ़ाना के खेतों में पसीना बहाना पसंद करते हैं। नवाजुद्दीन अक्सर कहते हैं कि वो असल में एक किसान ही हैं, जो इत्तेफाक से अभिनय के क्षेत्र में आ गए। वो अक्सर याद करते हैं कि कैसे बॉलीवुड में संघर्ष के दिनों में भी उनके मन में अपने गांव की मिट्टी और फसलों की महक बसी रहती थी।
आगामी फिल्में
नवाजुद्दीन की आने वाली फिल्में
'गैंग्स ऑफ वासेपुर', 'बदलापुर', 'मांझी: द माउंटेन मैन' और 'सेक्रेड गेम्स' जैसी फिल्मों व वेब सीरीज में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके नवाजुद्दीन एक और बेहतरीन फिल्म के सीक्वल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। नवाज अब 'तुम्बाड 2' में नजर आएंगे। 'तुंबाड' को भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन हॉरर-फैंटेसी फिल्मों में गिना जाता है। नवाजुद्दीन के पास नुपुर सैनन अभिनीत 'नूरानी चेहरा', 'संगीन' और 'सेक्शन 108' जैसी फिल्में भी हैं।