रणबीर कपूर की 'रामायण' भारत में कब होगी रिलीज? निर्माता नमित मल्होत्रा ने किया बड़ा ऐलान
रणबीर कपूर, साईं पल्लवी और यश जैसे बड़े सितारों से सजी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' भारत में 8 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माता नामित मल्होत्रा ने मुंबई में 'प्राइम फोकस स्टूडियो' के लॉन्च के अवसर पर ये बड़ी घोषणा की। ये फिल्म दुनियाभर में 6 नवंबर, 2026 (शुक्रवार) को रिलीज होगी, जबकि भारतीय दर्शक दिवाली के खास मौके पर यानी 8 नवंबर को इसका आनंद ले सकेंगे।
महाकाव्य को नए अंदाज में पेश करेगी 'रामायण'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' इस पौराणिक महाकाव्य को एक नए और आधुनिक अंदाज में बड़े पर्दे पर पेश करेगी। फिल्म की कहानी भगवान राम के 14 वर्षों के वनवास से शुरू होती है, जहां वो अपनी पत्नी सीता (साईं पल्लवी) और भाई लक्ष्मण (रवि दुबे) के साथ वन में जाते हैं।
कहानी में सबसे बड़ा और निर्णायक मोड़ तब आता है, जब लंकापति रावण (यश) माता सीता का अपहरण कर लेता है, जिसके बाद धर्म और अधर्म के बीच एक ऐतिहासिक महायुद्ध की शुरुआत होती है। ये फिल्म इस भव्य गाथा का केवल पहला भाग है, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।