Page Loader
नकुल ने 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' से लिया विदा, बोले- जाने का समय आ गया
नकुल मेहता ने 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' से लिया विदा

नकुल ने 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' से लिया विदा, बोले- जाने का समय आ गया

Dec 28, 2022
05:02 pm

क्या है खबर?

काफी समय से चर्चा थी कि अभिनेता नकुल मेहता लोकप्रिय धारावाहिक 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' से विदाई लेने वाले हैं। हालांकि, खुद इस पर नकुल ने कुछ नहीं कहा था। अब आखिरकार उन्होंने धारावाहिक छोड़ने की खबरों पर अपनी मोहर लगा दी है। वह इस धारावाहिक में अपने अब तक के सफर से पूरी तरह से संतुष्ट हैं। फिर किस वजह से उन्होंने इसे टाटा-बाय बाय कहा, उन्होंने यह खुलासा भी किया। आइए जानते हैं क्या बोले नकुल।

पुष्टि

अपने किरदार को मिस करेंगे नकुल

हिन्दुस्तान टाइम्स से नकुल ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, "इस शो को दर्शकों से भरपूर प्यार मिला। जब हमने इसकी शुरुआत की थी तो मन में कहीं ना कहीं इसकी सफलता को लेकर संदेह था, क्योंकि इतने बड़े शो की जिम्मेदारी सिर पर थी।" उन्होंने कहा, "उम्मीद नहीं थी कि हमें इतना प्यार मिलेगा। मैं शो से लंबे समय से जुड़ा रहा। यह सफर वाकई शानदार रहा। मैं इसमें अपने किरदार राम कपूर को जरूर मिस करूंगा।"

कारण

नकुल ने इसलिए छोड़ा शो

नकुल ने कहा, "शो की कहानी आगे बढ़ रही है। इसमें मेरे किरदार की कोई गुंजाइश नहीं रह गई। मेरे पास कुछ खास या नया करने को नहीं था। मानता हूं कि जिस शो से आपको इतना प्यार मिल रहा हो, उसे छोड़ने का मन नहीं करता, लेकिन इससे अलग हम क्या कर सकते हैं, यह भी मायने रखता है। उन्होंने कहा, "अब शो से मेरे जाने का समय आ गया है। आगे कुछ चुनौतीपूर्ण किरदार निभाने की कोशिश रहेगी।"

लोकप्रियता

नकुल ने राम कपूर बन बटोरी वाहवाही

इस धारावाहिक में नकुल ने राम कपूर का किरदार इतनी शिद्दत से निभाया कि दर्शक उनके मुरीद हो गए। इसमें अभिनेत्री दिशा परमार उनकी जोड़ीदार रहीं, जो प्रिया सूद कपूर के किरदार में दिखीं। उनकी जोड़ी दर्शक बेहद पसंद करते हैं। इस धारावाहिक की शुरुआत 30 अगस्त, 2021 को हुई थी। इसकी निर्माता एकता कपूर हैं। 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले धारावाहिकों में से एक है। इसे सोनी टीवी पर प्रसारित किया जाता है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

शो के पहले भाग 'बड़े अच्छे लगते हैं' को अंग्रेजी, तमिल और तेलुगु में भी डब किया गया। यह गुजराती नाटक 'पटरानी' पर आधारित था। इसका नाम और टाइटल ट्रैक फिल्म 'बालिका वधु' में आरडी बर्मन के इसी नाम से आए गीत से लिया गया।

उपलब्धि

शो के लिए मिल चुका है नकुल को पुरस्कार

इसी साल मार्च में टीवी के प्रतिष्ठित इंडियन टेलीविजन एकेडमी अवॉर्ड्स (ITA) की घोषणा हुई थी। नकुल को 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' में अपने प्रदर्शन के लिए बेस्ट एक्टर (क्रिटिक्स) का अवॉर्ड मिला था और वह इस पुरस्कार को पाकर बेहद खुश थे। बता दें कि नकुल को पहचान धारावाहिक 'इश्कबाज' से मिली थी, जिसमें उन्होंने शिवाय सिंह ओबेरॉय का किरदार निभाया था। नकुल ने वेब सीरीज 'आई डोंट वॉच टीवी' से OTT प्लेटफॉर्म पर कदम रखा था।