नाडियाडवाला ग्रैंडसन ने मुंबई में बढ़ाया कारोबार, 55 लाख की डील से मची चर्चा
साजिद नाडियाडवाला की कंपनी नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में अपना विस्तार कर रही है।
प्रोडक्शन हाउस ने हाल ही में लोटस ग्रांड्योर बिल्डिंग की 8वीं मंजिल पर 2 और ऑफिस लीज पर लिए हैं, जिनकी लीज 1 नवंबर, 2026 से शुरू होगी।
यह नई लीज 11 महीने के लिए है, जिसके तहत हर महीने 5 लाख रुपये का लाइसेंस शुल्क चुकाना होगा। कंपनी ने इसके लिए 55 लाख रुपये एडवांस में दिए हैं।
नाडियाडवाला ग्रैंडसन ने 55 लाख रुपये दिए एडवांस
इन नए ऑफिसों, यूनिट 801 और 802, के लिए कंपनी ने 55 लाख रुपये (जिसमें 5 लाख रुपये का मासिक शुल्क भी शामिल है) पहले ही एडवांस में चुका दिए हैं।
ये ऑफिस वीरा देसाई रोड पर मौजूद हैं, जहां पहले से कई और रचनात्मक बिजनेस चलते हैं। इतना ही नहीं, इसी लोटस ग्रांड्योर बिल्डिंग में यूनिट 803 और 804 भी नाडियाडवाला ग्रैंडसन के पास हैं, जो उन्होंने अगस्त से लीज पर ली हुई हैं।
पिछले साल, कंपनी ने प्रभादेवी में 36.57 करोड़ रुपये में 2 अपार्टमेंट भी खरीदे थे। इन सभी बातों से साफ है कि नाडियाडवाला ग्रैंडसन मुंबई के फिल्म जगत में एक बड़े खिलाड़ी के तौर पर अपनी जगह मजबूत कर रहा है।