सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की काली करतूत, पनीर व्यापारी से उगाही में रंगे हाथों गिरफ्तार
मुंबई में रहने वाला एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर रणदीप गुजराल पुलिस की गिरफ्त में आया है। उस पर एक स्थानीय पनीर व्यापारी से उगाही करने का आरोप लगा है।
रणदीप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसके करीब 10 हजार फॉलोअर्स हैं।
इस वीडियो में उसने दावा किया था कि व्यापारी के पनीर में कीड़ा मिला है, जिससे दुकान की बदनामी हुई और कारोबार पर भी बुरा असर पड़ा।
उगाही का पैसा वसूलते रणदीप पकड़े गए
रणदीप ने पहले व्यापारी से UPI के जरिए 50 हजार रुपये ले लिए ताकि वह आगे कोई नकारात्मक पोस्ट न डाले।
इसके बाद उसने 2 लाख रुपये नकद की मांग की। ऐसे में जब वह उगाही का पैसा वसूल रहा था, तब पुलिस ने मुलुंड के एक ट्रैफिक सिग्नल पर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
अभी वह 18 जून तक पुलिस हिरासत में रहेगा। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल धमकियों और उगाही के लिए किस तरह किया जा रहा है।