'रामायण' को 'रावायणन' बताकर फिर भड़के मुकेश खन्ना, निर्माताओं से पूछा- जरा भी शर्म नहीं आई?
क्या है खबर?
अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूरअभिनेता मुकेश खन्ना के निशाने पर एक बार फिर फिल्म 'रामायण' आ गई है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म में रणबीर कपूर को 'कमजोर राम' बताने के बाद अब मुकेश ने सोशल मीडिया पर एक नया मोर्चा खोल दिया है। इस बार उन्होंने सीधे फिल्म के निर्माताओं को आड़े हाथों लेते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है।
तंज
4,000 करोड़ खर्च किए, पर कहानी की पवित्रता से छेड़छाड़ की- मुकेश खन्ना
मुकेश ने इंस्टाग्राम पर निर्माताओं को खरी-खोटी सुनाते हुए लिखा, 'मुझे 'रामायण' बनाने में आपके 4,000 करोड़ रुपये खर्च करने से कोई ऐतराज नहीं। उल्टा खुशी है कि आपने इस महागाथा को इतना सम्मान दिया, लेकिन अगर यही पैसा कहानी की पवित्रता को बनाए रखते हुए खर्च किया जाता तो मुझे और भी ज्यादा खुशी होती। आपने मूल कहानी के साथ छेड़छाड़ की है, जो किसी भी हिंदू को मंजूर नहीं होगी और मुझे भी ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं हुआ।'
तंज
अपनी सीरीज 'संपूर्ण श्रीराम' के जरिए मुकेश ने दिखाया आईना
मुकेश अपने यूट्यूब चैनल 'भीष्म इंटरनेशनल' पर 'संपूर्ण श्रीराम' सीरीज लेकर आए हैं, जिसमें वो रामायण की मूल कथा पर बात करते हैं।
इसका दूसरा एपिसोड जारी करते हुए उन्होंने फिल्म 'रामायण' पर निशाना साधा।
पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'मैंने आपको ये दिखाने के लिए 'संपूर्ण श्रीराम' बनाई है कि असली रामायण किसे कहते हैं। इसमें 1 लाख रुपये भी नहीं लगे। आप भी ऐसा बनाते तो फिल्म चलती। न हिंदुओं का विरोध होता और ना ही आपका तिरस्कार।'
हमला
बनाते हुए जरा भी शर्म नहीं आई? धिक्कार है आप पर- मुकेश खन्ना
मुकेश ने आगे लिखा, 'इसे कहते हैं हमारी रामायण, ना कि आपकी 'रामायण' या 'रावायणन'। इसे बनाते हुए आपको जरा भी शर्म नहीं आई। धिक्कार है आप पर। जय श्री राम।'
बता दें कि रणबीर कपूर और यश अभिनीत 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई करते हुए दुनियाभर में 1,500 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है।
2 हिस्सों में बन रही इस फिल्म के पहले भाग का बजट करीब 2,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।