Page Loader
'छावा' से पहले पर्दे पर छाईं ये ऐतिहासिक फिल्में, एक तो अब ऑस्कर में दिखाई जाएगी
इन हिंदी ऐतिहासिक फिल्मों ने की जबरदस्त कमाई

'छावा' से पहले पर्दे पर छाईं ये ऐतिहासिक फिल्में, एक तो अब ऑस्कर में दिखाई जाएगी

Feb 20, 2025
10:19 am

क्या है खबर?

इन दिनों फिल्म 'छावा' खूब चर्चा में है। इस पीरियड ड्रामा फिल्म के हीरो विक्की कौशल हैं। रिलीज के पहले दिन से ही उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मच रही है। 6 दिनों में इसने 200 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है, वहीं मध्य प्रदेश में इसे टैक्स फ्री कर दिया गया है। बहरहाल, आज हम आपको उन हिंदी ऐतिहासिक फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने टिकट खिड़की पर शानदार प्रदर्शन किया।

#1

'मुगल-ए-आजम'

के आसिफ के निर्देशन में बनी 'मुगल-ए-आजम' का बजट करीब डेढ़ करोड़ रुपये था। 16 साल में बनकर तैयार हुई यह फिल्म साल 1960 में रिलीज हुई थी। इसने दुनियाभर में 11 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यह उन दिनों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी। 'मुगल-ए-आजम' अपनी रिलीज के बाद सनसनी बन गई थी। इसी के साथ-साथ मधुबाला और दिलीप कुमार की जोड़ी भी अमर हो गई थी। यह फिल्म ZEE5 पर मौजूद है।

#2

'पद्मावत'

दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर, रणवीर सिंह और अदिति राव हैदरी की अदाकारी से सजी 'पद्मावत' ने दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों का दिल भी जीत लिया था। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बजट 180 से 190 करोड़ रुपये के बीच था और इसने दुनियाभर में लगभग 572 करोड़ रुपये कमाए थे। अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म देखी जा सकती है।

#3

'जोधा अकबर'

ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय की ऐतिहासिक फिल्म 'जोधा अकबर' को रिलीज हुए 17 साल हो चुके हैं। इस अवसर पर ऑस्कर पुरस्कारों के आयोजक 'अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' मार्च में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित करने वाले हैं। यह मुगल सम्राट अकबर और राजपूत राजकुमारी जोधाबाई के मिलन की कहानी को पर्दे पर बखूबी उतारती है। नेटफ्लिक्स पर मौजूद 40 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने 120 करोड़ रुपये कमाए थे।

#4

'बाजीराव मस्तानी' 

संजय लीला भंसाली के निर्देशन वाली फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा साथ नजर आई थीं। 145 करोड़ रुपये इस फिल्म को बनाने में लगे थे और इसने करीब 356 करोड़ रुपये अपने खाते से जोड़े थे। इस फिल्म ने 7 राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए थे। यह फिल्म छत्रपति बाजीराव और मस्तानी के ऐतिहासिक प्रेम कहानी पर आधारित थी। अमेजन प्राइम वीडियो पर आप इसका लुत्फ उठा सकते हैं।