बॉक्स ऑफिस पर 'मिर्जापुर' की दहाड़, 'हनुमान अंश' ने 30वें दिन मारी सबसे बड़ी छलांग
क्या है खबर?
लोकप्रिय वेब सीरीज 'मिर्जापुर' के बहुप्रतीक्षित स्पिन-ऑफ 'मिर्जापुर द मूवी' ने बड़े पर्दे पर अपनी शानदार शुरुआत से तहलका मचा दिया है। सीरीज के पुराने और दमदार किरदारों के साथ शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी। पहले 2 दिनों में ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई करते हुए 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। उधर छोटे बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' का भौकाल भी जारी है।
मिर्जापुर
2 दिन में ही 56 करोड़ के पार पहुंची कमाई
बिना किसी बड़े सुपरस्टार के केवल दमदार किरदारों और जबरदस्त फैन फॉलोइंग के दम पर फिल्म ने पहले दिन 24.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। इसके बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में और बढ़िया उछाल देखने को मिला।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे दिन फिल्म ने लगभग 31 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसी के साथ शुरुआती 2 दिनों के भीतर ही फिल्म की कुल घरेलू कमाई 56 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है।
पसंद
हिंदी दर्शकों पर छाया 'मिर्जापुर द मूवी' का जादू
फिल्म की कमाई में मुख्य योगदान इसका हिंदी संस्करण है, जिसने 30.75 करोड़ रुपये बटोरे।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी 'कालीन भैया', अली फजल 'गुड्डू पंडित' और दिव्येंदु 'मुन्ना त्रिपाठी' जैसे लोकप्रिय कलाकारों ने फिर दर्शकों का दिल जीत लिया है।
अमेजन MGM स्टूडियो और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और इसे पुनीत कृष्ण ने लिखा है। फिल्म के निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर हैं।
हनुमान अंश
30वें दिन 'हनुमान अंश' का बॉक्स ऑफिस पर धमाका
उधर विशाल चर्तुवेदी के निर्देशन में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर सभी को हैरान करते हुए ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज के 30वें दिन फिल्म ने देशभर में 16.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इस जबरदस्त रफ्तार के साथ फिल्म का भारत में कारोबार लगभग 99 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। अब फिल्म जल्द ही 100 करोड़ क्लब में शामिल होकर नया इतिहास रचने के लिए तैयार है।