बॉक्स ऑफिस: 'मिर्जापुर द मूवी' की आंधी भी नहीं हिला पाई 'हनुमान अंश' का सिंहासन
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर 4 सितंबर का शुक्रवार किसी बड़े महासंग्राम से कम नहीं रहा। एक तरफ OTT के सबसे चर्चित ब्रांड की बड़े पर्दे पर एंट्री यानी 'मिर्जापुर द मूवी' का खौफ था, तो दूसरी तरफ 'हनुमान अंश' का जबरदस्त माहौल बरकरार रहा। उधर 'टॉक्सिक' बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ती नजर आई। दर्शक जानने के लिए बेताब थे कि वीकेंड की शुरुआत में कौन सी फिल्म टिकट खिड़की पर बाजी मारेगी। आइए जानें तीनों फिल्मों की कमाई।
मिर्जापुर
'मिर्जापुर द मूवी' ने ली शानदार ओपनिंग
'मिर्जापुर द मूवी' ने सिनेमाघरों में आते ही धमाकेदार शुरुआत की है। अमेजन प्राइम वीडियो की मशहूर सीरीज पर आधारित इस फिल्म में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया के लोकप्रिय किरदार एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत रहे हैं।
साथ ही रवि किशन ने भी बब्बन यादव की भूमिका में अपनी जबरदस्त छाप छोड़ी है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपने पहले ही दिन भारत में 24.75 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर लिया है।
टॉक्सिक
'टॉक्सिक' की रफ्तार थमी
'मिर्जापुर द मूवी' के आते ही सुपरस्टार यश की 500 करोड़ के बजट वाली फिल्म 'टॉक्सिक' की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
रिलीज के 10वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 2 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू सकी।
फिल्म ने महज 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसी के साथ भारत में 'टॉक्सिक' का 10 दिनों की कुल कमाई अब 241.05 करोड़ रुपये हो गई है।
हनुमान अंश
'मिर्जापुर' के तूफान के बीच 'हनुमान अंश' का चमत्कार
'मिर्जापुर द मूवी' के आने के बावजूद 'हनुमान अंश' का जलवा कायम है। फिल्म ने अपने रिलीज़ के 29वें दिन यानी पांचवें शुक्रवार को 10 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार करके सभी को चौंका दिया है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ भारत में फिल्म की 29 दिनों की कुल कमाई 82.88 करोड़ रुपये हो गई है। अब यह फिल्म तेजी से 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है।