Loading...
दलेर मेहंदी विवाद पर मंत्री सुबाेध उनियाल की सफाई- जनता कोई डॉक्टर नहीं, जो बीमारी समझे
दलेर मेहंदी विवाद पर मंत्री सुबोध उनियाल ने दी सफाई

दलेर मेहंदी विवाद पर मंत्री सुबाेध उनियाल की सफाई- जनता कोई डॉक्टर नहीं, जो बीमारी समझे

Oct 22, 2026
04:43 pm

क्या है खबर?

पंजाब के मशहूर गायक दलेर मेहंदी को स्टेज पर टोकने के बाद विवादों में घिरे उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अब इस पर सफाई दी है। कई हस्तियों के निशाने पर आने के बाद मंत्री ने कहा कि दलेर मेहंदी को ठेस पहुंचाने की उनकी कोई मंशा नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर गायक की तबियत खराब थी तो उन्हें आयोजकों को इसकी जानकारी पहले ही दे देनी चाहिए थी।

स्पष्टीकरण

शो रोकने के बाद पता चली उनकी बीमारी की बात

मंत्री सुबोध उनियाल का दावा है कि दलेर मेहंदी लिप-सिंक कर रहे थे और ठीक से चल या बोल भी नहीं पा रहे थे, जिससे उन्हें नशा करने का संदेह हुआ।

आयोजक समिति के प्रतिनिधि होने के नाते उन पर सवाल उठाने का दबाव था। मंत्री ने कहा कि उन्हें दलेर की बीमारी के बारे में परफॉर्मेंस रोकने के बाद पता चला। उन्होंने कहा कि इतने बड़े कलाकार को अपनी सेहत की जानकारी पहले देनी चाहिए थी।

इनकार

बीमार थे तो मना करना चाहिए था- मंत्री

मंत्री बोले कि अगर गायक बीमार थे तो उन्हें शो नहीं करना चाहिए था। आयोजकों ने 35 लाख रुपये का पूरा एडवांस भुगतान किया था और होटल भी बुक थे।

मंत्री ने साफ किया कि उनकी दलेर से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन इतने बड़े कलाकार को अपनी हालत देखते हुए परफॉर्म करने से मना कर देना चाहिए था। जनता के प्रतिनिधि होने के नाते उन पर दबाव था।

ADVERTISEMENT

उदाहरण

"जनता डॉक्टर नहीं है, जो बीमारी समझ सके"

सुबोध ने गायिका सुनंदा शर्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि बीमार होने पर उन्होंने परफॉर्म नहीं किया और पूरी फीस वापस लौटा दी थी।

वो बोले, "जब सुनंदा नहीं आ सकीं, तब हमारी टीम ने दलेर मेहंदी से संपर्क किया। अगर उनकी तबीयत खराब थी, तो उन्हें हमें बताना चाहिए था। जनता डॉक्टर नहीं है, जो ये समझ सके। कलाकार के परिवार और शुभचिंतक उनके साथ खड़े होंगे, लेकिन हमें भी समय रहते इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी।"

ADVERTISEMENT

विवाद

मंच पर मंत्री की नाराजगी से शुरू हुआ विवाद

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल स्थित नरेंद्र नगर में राज्य सरकार द्वारा आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर की परफॉर्मेंस के दौरान मंत्री सुबोध के मंच पर आकर कड़ी नाराजगी जताने से विवाद शुरू हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

भाई मीका सिंह ने दलेर के शराब न पीने की बात कहते हुए मंत्री से माफी की मांग की। रैपर बादशाह, अनुपम खेर और कपिल जैसी कई हस्तियों ने दलेर का समर्थन किया है।

ADVERTISEMENT