'माइकल' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जमाया कब्जा, आते ही इन हिंदी फिल्मों को चटाई धूल
क्या है खबर?
हॉलीवुड फिल्म 'माइकल' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए सबको चौंका दिया है। माइकल जैक्सन की इस बायोपिक ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि कमाई के मामले में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' और रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। भारत में फिल्म की इस शानदार ओपनिंग ने हॉलीवुड की बढ़ती दीवानगी को एक बार फिर साबित कर दिया है।
प्रतिक्रिया
समीक्षकों की राय एक तरफ, जनता का प्यार एक तरफ
पॉप सम्राट माइकल जैक्सन की बायोपिक 'माइकल' ने दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। समीक्षकों की नकारात्मक प्रतिक्रियाओं के बावजूद ये फिल्म वैश्विक स्तर पर म्यूजिक बायोपिक्स के सारे रिकॉर्ड तोड़ने की राह पर है। भारत में, जहां माइकल जैक्सन की दीवानगी हमेशा से रही है, प्रशंसकों ने सिनेमाघरों में भारी भीड़ उमड़ाई है। इसी के साथ इस फिल्म ने स्थानीय बड़ी फिल्मों को पछाड़ते हुए भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नंबर 1 का पायदान हासिल कर लिया है
कमाई
कमाई के मामले में नंबर 1 बनी 'माइकल'
माइकल जैक्सन के भतीजे जाफर जैक्सन अभिनीत बायोपिक 'माइकल' 24 अप्रैल को भारत में रिलीज हुई। वितरकों के अनुसार, फिल्म ने पेड प्रिव्यूज से 2.40 करोड़ रुपये और पहले दिन 4 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। भारत में फिल्म की पहले दिन की कुल कमाई 5.50 करोड़ रुपये रही है। ये भारतीय बाजार में किसी भी म्यूजिक बायोपिक (जैसे 'एल्विस याबोहेमियन रैप्सोडी') के लिए अब तक की सबसे बड़ी शुरुआत है।
कारोबार
'माइकल' के सामने पस्त 'गिन्नी वेड्स सन्नी 2'
शुक्रवार को 'माइकल' ने 5.50 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि 'गिन्नी वेड्स सन्नी 2' ने मात्र 30 लाख रुपये की मामूली कमाई की। अपने दूसरे सप्ताह में चल रही अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' ने 5.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे उसने 'माइकल' को कड़ी टक्कर दी। उधर बॉलीवुड इतिहास की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' ने 1.60 करोड़ रुपये जुटाए और बाकी फिल्मों से पीछे रही।
रिकॉर्ड
विदेशों में 250 करोड़ की ओपनिंग के साथ रचा इतिहास
उत्तरी अमेरिका (घरेलू बाजार) के आधिकारिक आंकड़े आने बाकी हैं, लेकिन फिल्म 'माइकल' अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहले ही हिट होने की दिशा में बढ़ चुकी है। 'पेड प्रिव्यूज' को मिलाकर फिल्म ने विदेशों में लगभग 250 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की है। इसमें अकेले भारत से हुई लगभग 5.85 करोड़ रुपये की कमाई भी शामिल है। अधिकांश विदेशी बाजारों में इस फिल्म ने किसी भी म्यूजिकल बायोपिक के लिए अब तक की सबसे बड़ी शुरुआत का रिकॉर्ड बनाया है।