LOADING...
कौन हैं '12वीं फेल' IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, जिनकी कहानी पर्दे पर उतारेंगे विक्रांत मैसी?
12वीं फेल IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा पर बनने जा रही फिल्म में विक्रांत मैसी उनका किरदार निभाएंगे

कौन हैं '12वीं फेल' IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, जिनकी कहानी पर्दे पर उतारेंगे विक्रांत मैसी?

Nov 26, 2022
09:00 pm

क्या है खबर?

IPS मनोज कुमार शर्मा के बारे में आपने जरूर सुना होगा और अगर नहीं सुना है तो अब आप उन्हें जान जाएंगे क्योंकि उनके सफर से प्रेरित एक फिल्म बनने जा रही है। फिल्म बना रहे हैं विधु विनोद चोपड़ा और मनोज की भूमिका के लिए अभिनेता विक्रांत मैसी को चुना गया है। हालांकि यह उनकी बायोपिक नहीं है। आइए जानते हैं मनोज कुमार शर्मा आखिर कौन हैं, जिनकी कहानी को विधु फिल्म की शक्ल देने वाले हैं।

पढ़ाई

मनोज ने 10वीं और 11वीं की नकल करके पास

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले मनोज लोगों के लिए मिसाल हैं। वह नौवीं, 10वीं और 11वीं में नकल करके पास हुए थे, लेकिन 12वीं में फेल हो गए क्योंकि इसमें उन्हें नकल करने का मौका नहीं मिला। दरअसल, इलाके के एक SDM की नजर उन पर थी। इसी समय मनोज को यह अहसास हुआ था कि SDM की कितनी पावर होती है। तभी उन्होंने मन ही मन यह ठान लिया कि उन्हें भी बड़ा अधिकारी बनना है।

संघर्ष

रोजी-रोटी कमाने के लिए चलाया ऑटो

12वीं में फेल होने के बाद अपना गुजारा करने के लिए मनोज ऑटोरिक्शा चलाने लगे। एक बार जब उनका ऑटो पकड़ा गया तो वह SDM के पास गए ताकि वह उनसे अपना ऑटो छोड़ने के लिए कह सकें, लेकिन वहां गए तो ऑटो का जिक्र कर ही नहीं पाए। उन्होंने SDM से बस यह पूछा कि उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए क्या-क्या तैयारी की। इसके बाद मनोज सीधे घर गए और अपना थैला उठाकर मुरैना से ग्वालियर चले आए।

आपबीती

भिखारियों के साथ सोते थे मनोज

मनोज ने बताया था कि ग्वालियर में पैसे न होने के कारण वह भिखारियों के साथ सोते थे। ऐसा वक्त भी आया, जब उनके पास खाने तक को कुछ नहीं होता था। फिर उन्हें एक लाइब्रेरी में चपरासी की नौकरी मिल गई। यहां उन्होंने अब्राहम लिंकन से लेकर कई बड़े लोगों के बारे में पढ़ा और सोचा कि वह उनकी तरह क्यों नहीं बन सकते। उन्हें बनना तो SDM था, लेकिन धीरे-धीरे उनकी तैयारी उच्च स्तर पर जाने लगी।

जज्बा

मोहब्बत में जीत के बाद किस्मत ने ली करवट

मनोज को 12वीं में एक लड़की से प्यार हुआ था, लेकिन उन्हें डर था कि कहीं लड़की 12वीं फेल समझकर उन्हें ठुकरा न दे। आखिरकार उन्होंने लड़की के सामने प्यार का इजहार कर कहा, "तुम हां करो तो मैं पूरी दुनिया पलट दूंगा।" इसके बाद लगातार तीन कोशिशों के बाद चौथी बार में वह IPS बन गए। मनोज 2005 बैच के महाराष्ट्र कैडर से IPS बने। फिलहाल वह मुंबई में एडिशनल कमिश्रनर ऑफ वेस्ट रीजन के पद पर तैनात हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

लेखक अनुराग पाठक ने मनोज के जीवन से प्रेरित होकर 12वीं फेल नाम की एक किताब लिखी। उनके मुताबिक, आज के युवाओं तक मनोज की प्रेरणादायी कहानी पहुंचना बेहद जरूरी है। अब यही कहानी फिल्म '12वीं फेल' में विक्रांत पर्दे पर पेश करने वाले हैं।