थिएटर में नहीं चला जादू, लेकिन OTT पर हिट हुई 'मिस्टर एक्स', निर्देशक ने कही ये बात
फिल्म 'मिस्टर एक्स' 17 अप्रैल को थिएटर में रिलीज हुई और इसे मिली-जुली समीक्षाएं मिलीं। ऐसे में इस फिल्म के निर्देशक मनु आनंद ने 'मिस्टर एक्स' के बारे में खुलकर बात की है।
मनु ने फिल्म के खराब प्रदर्शन की पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। उन्होंने कहा, 'मैं 'मिस्टर एक्स' का लेखक और निर्देशक हूं, इसलिए इसकी पूरी जिम्मेदारी मेरी है।'
उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म का तमिलनाडु में चुनाव के दौरान रिलीज होना भी उसे भारी पड़ा। मगर दिलचस्प बात यह है कि जब 14 मई को यह फिल्म OTT प्लेटफॉर्म पर आई, तब दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया।
मनु ने कलाकार और टीम का जताया शुक्रिया
मनु ने 'मिस्टर एक्स' को अपने करियर का एक बड़ा सीखने वाला अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म से उन्हें दर्शकों की उम्मीदों और कहानी कहने के तरीके के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिला।
मनु ने फिल्म के कलाकारों, टीम और निर्माताओं का दिल से शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने हर मुश्किल घड़ी में उनका साथ निभाया।
उन्होंने बताया कि OTT पर फिल्म को दर्शकों से मिली सराहना ने उनके भरोसे को फिर से जगा दिया है। अब उन्हें विश्वास है कि वे दर्शकों के लिए कुछ अलग और दिल को छू लेने वाली कहानियां बड़े परदे पर ला सकते हैं।