
मनोज बाजपेयी की ये फिल्में IMDb पर छाईं, एक तो OTT के बाद सिनेमाघरों में आई
क्या है खबर?
मनोज बाजपेयी की गिनती बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में होती हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई शानदार फिल्में कीं और अपने उम्दा अभिनय से सबका दिल जीत लिया। बिहार के छोटे से गांव में जन्मे मनोज ने बॉलीवुड में ये खास मुकाम अपने दम पर हासिल किया है।
23 अप्रैल को मनोज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं।
आइए इस मौके पर जानें उनकी उन फिल्मों के बारे में, जिन्हें इंटरनेट मूवी डाटाबेस (IMDb) पर शानदार रेटिंग मिली है।
#1
'सत्या'
मनोज की फिल्म 'सत्या' को IMDb पर सबसे ज्यादा 8.3 रेटिंग मिली है।
राम गोपाल वर्मा ने इस फिल्म का निर्देशन किया था। गैंगस्टार भीखू म्हात्रे के किरदार को मनोज ने फिल्म में इमनी शिद्दत से निभाया था कि हर कोई उनका मुरीद हो गया था।
मनोज कई बार कह चुके हैं कि वह आज जो कुछ भी हैं, अपनी इसी फिल्म और किरदार की वजह से हैं।
सोनी लिव और यूट्यूब पर यह फिल्म मौजूद है।
#2
'गैंग्स ऑफ वासेपुर'
अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी यह फिल्म न सिर्फ उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई, बल्कि इसने मनोज के करियर को भी एक नया आयाम दिया।
फिल्म आपने देखी होगी तो आपको सरदार खान का किरदार तो बेशक याद होगा। ये भूमिका निभाई थी मनोज बाजपेयी ने और एक बार फिर साबित कर दिया था कि वह बॉलीवुड में लंबी रेस के घोड़े हैं।
अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद इस फिल्म की IMDb रेटिंग 8.2 है।
#3
'सिर्फ एक बंदा काफी है'
मनोज की फिल्म 'सिर्फ एक बंदा काफी है' की कहानी रेप के केस में दोषी पाए गए आसाराम बापू से प्रेरित है। इसमें मनोज ने वकील का किरदार निभाया, जो एक बच्ची को न्याय दिलवाने के लिए अपनी जी-जान लगा देता है।
IMDb पर 8.0 रेटिंग वाली यह फिल्म साल 2023 में ZEE5 पर रिलीज हुई थी। यह प्लेटफॉर्म पर सभी भाषाओं में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बनी।
इसकी लोकप्रियता देख इसे सिनेमाघरों में भी रिलीज किया गया।
#4 और #5
'पिंजर' और 'अलीगढ़'
'पिंजर' में मनोज, राशिद के किरदार में नजर आए। फिल्म में उर्मिला मांतोडकर भी थीं। फिल्म की IMDb पर 7.9 रेटिंग है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।
उधर हंसल मेहता की फिल्म 'अलीगढ़' में मनोज ने एक समलैंगिक प्रोफेसर का किरदार निभाकर दर्शकों के साथ-साथ एक बार फिर समीक्षकों का दिल भी जीत लिया। 7.8 रेटिंग वाली इस फिल्म में राजकुमार राव भी थे।
ये दोनों फिल्में अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती हैं।