मनोज बाजपेयी के वो 6 धांसू किरदार, जिन्हें देख पलकें झपकाना तक भूल जाएंगे आप
क्या है खबर?
अभिनेता मनोज बाजपेयी अपनी नई फिल्म 'गवर्नर' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म की घोषणा के बाद से ही प्रशंसकों के बीच उनकी एक्टिंग को लेकर फिर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मनोज एक ऐसे कलाकार हैं, जो पर्दे पर आते ही पूरे माहौल को अपने नाम कर लेते हैं। बड़े पर्दे से लेकर OTT की दुनिया तक, उन्होंने अपनी कलाकारी का लोहा मनवाया है। आइए उनके अब तक के 6 सबसे दमदार किरदारों के बारे में जानें।
#1
'सत्या' (भीखू म्हात्रे)
मनोज की सबसे यादगार फिल्मों में राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'सत्या' का नाम सबसे ऊपर आता है। इस फिल्म में उन्होंने 'भीखू म्हात्रे' का जो किरदार निभाया, उसने भारतीय सिनेमा के इतिहास में अपनी एक अलग और अमिट पहचान बनाई। एक गैंगस्टर के किरदार में उन्होंने जो पागलपन, मासूमियत और आक्रामकता दिखाई थी, उसने मुख्य अभिनेता से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। इस फिल्म के लिए उन्हें उनका पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था। 'सत्या' अमेजन प्राइम वीडियो पर है।
#2
'गैंग्स ऑफ वासेपुर' (सरदार खान)
'सत्या' ने मनोज को पहचान दी तो अनुराग कश्यप की 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' ने उन्हें अभिनय का महागुरु साबित किया। इस फिल्म में उन्होंने 'सरदार खान' का जो किरदार निभाया, उसने पर्दे पर आग लगा दी थी। बदले की आग में जलते एक ऐसे शख्स का किरदार, जो खूंखार भी है, ठरकी भी है और बेहद शातिर भी। उनका ये किरदार हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार किरदारों में गिना जाता है। ये फिल्म नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो पर है।
#3 और #4
'अलीगढ़' (रामचंद्र सिरस) और 'सिर्फ एक बंदा काफी है' (पीसी सोलंकी)
मनोज ने 'अलीगढ़' में प्रोफेसर रामचंद्र सिरस के संवेदनशील और दर्दनाक किरदार को पर्दे पर इतनी शिद्दत से जिया कि देखने वालों की आंखें नम हो गईं। समाज के खोखलेपन और अकेलेपन को दर्शाती उनकी ये परफॉर्मेंस सिनेमाई इतिहास के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक है। दूसरी तरफ ZEE पर आई कोर्टरूम ड्रामा 'सिर्फ एक बंदा काफी है' में उन्होंने वकील पीसी सोलंकी बनकर स्क्रीन पर ऐसा जादू बिखेरा कि हर कोई उनकी उम्दा अदाकारी देख दंग रह गया।
#5 और #6
'द फैमिली मैन' (श्रीकांत तिवारी) और 'किलर सूप' (डबल रोल)
अमेजन प्राइम की ब्लॉकबस्टर सीरीज 'द फैमिली मैन' में मनोज ने 'श्रीकांत तिवारी' बनकर OTT पर इतिहास रच दिया। इस सीरीज में उन्होंने एक ऐसे जासूस का किरदार निभाया, जो देश को आतंकियों से बचाता है। उधर नेटफ्लिक्स की सीरीज 'किलर सूप' में मनोज ने डबल रोल (प्रभाकर और उमेश) निभाकर सबके होश उड़ा दिए। कोंकणा सेन शर्मा के साथ मिलकर उन्होंने इस सीरीज में सस्पेंस और सनकीपन का ऐसा तड़का लगाया, जिसने दर्शकों को स्क्रीन से बांधकर रख दिया।