पद्म भूषण ममूटी की आवाज में गूंजेगी फुटबॉल की गूंज, जानिए कब OTT पर रिलीज होगी 'पंथडिक्कम'
पद्म भूषण से सम्मानित अभिनेता ममूटी ने 5 भागों वाली नई डॉक्यूमेंट्री ‘पंथडिक्कम’ को अपनी आवाज दी है। ये सीरीज केरल में फुटबॉल के प्रति लोगों के गहरे जुनून को दिखाती है। इसमें बताया गया है कि कैसे फुटबॉल छोटे स्थानीय क्लबों के मैचों से आगे बढ़कर संतोष ट्रॉफी की बड़ी जीतों तक पहुंचा। डॉक्यूमेंट्री ये भी दिखाती है कि दुनियाभर के फुटबॉल का जुनून केरल के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा कैसे बन गया है।
'पंथडिक्कम' का प्रीमियर 1 अक्टूबर को
निक्स लोपेज के निर्देशन में बनी ये डॉक्यूसीरीज सिर्फ फुटबॉल मैचों की कहानी नहीं है, बल्कि केरल की फुटबॉल संस्कृति को भी दिखाती है। इसमें रंग-बिरंगे वाहनों और कम्युनिटी स्क्रीनिंग जैसी परंपराओं के साथ भारत की पहली नेशनल एम्प्यूटी फुटबॉल टीम के कप्तान वायसख एसआर की कहानी भी शामिल है। मम्मूटी के मुताबिक, “फुटबॉल एक ऐसी भावना है जो लोगों को करीब लाती है।” ‘पंथडिक्कम’ 1 अक्टूबर को ZEE5 पर स्ट्रीम होगी।