मलयालम सिनेमा को बड़ा झटका, मशहूर अभिनेता सलीम कुमार का 56 साल की उम्र में निधन
मलयालम सिनेमा के मशहूर और चहेते अभिनेता सलीम कुमार का शनिवार रात निधन हो गया। वो 56 वर्ष के थे। निमोनिया की शिकायत के बाद उन्हें कोच्चि के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वो वेंटिलेटर पर थे। सलीम कुमार अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कॉमेडी से लेकर गंभीर किरदारों तक, हर रूप में अपनी एक खास पहचान बनाई थी। वे अपनी एक्टिंग से दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर देते थे।
ममूटी ने दी श्रद्धांजलि
दिग्गज अभिनेता ममूटी ने सलीम कुमार के निधन को कभी न खत्म होने वाला दुख बताया। उन्होंने कहा कि सलीम कुमार ऐसे कलाकार थे, जो दर्शकों को हंसाते थे, रुलाते थे और सोचने पर भी मजबूर करते थे, वहीं, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशान ने उन्हें एक निडर कलाकार के तौर पर याद किया। सतीशान ने कहा कि सलीम कुमार हमेशा अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले व्यक्ति थे।