तमन्ना भाटिया की 1 करोड़ की मांग कोर्ट ने ठुकराई, कहा- विज्ञापन का इस्तेमाल अवैध नहीं
क्या है खबर?
अभिनेत्री तमन्ना भाटिया को मद्रास हाई कोर्ट से बड़ा कानूनी झटका लगा है। कोर्ट ने 'पावर सोप्स' के खिलाफ दायर उनके 1 करोड़ रुपये के मानहानि और हर्जाने के दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। तमन्ना का आरोप था कि कंपनी ने उनके साथ हुए विज्ञापन अनुबंध की समय सीमा समाप्त होने के बावजूद उनकी तस्वीरों और विज्ञापनों का इस्तेमाल जारी रखा, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा। हालांकि, जज ने उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया।
अपील
मद्रास हाई कोर्ट ने खारिज की तमन्ना की अपील
कोर्ट ने 'पावर सोप्स लिमिटेड' के खिलाफ 1 करोड़ के हर्जाने की मांग वाली तमन्ना की याचिका को खारिज करने के एकल न्यायाधीश के फैसले को बरकरार रखा। तमन्ना का आरोप था कि कंपनी ने अनुबंध खत्म होने के बाद भी उनके विज्ञापनों और तस्वीरों का अनधिकृत उपयोग किया। हालांकि, पीठ ने पाया कि अभिनेत्री ये साबित नहीं कर सकीं कि कंपनी ने अनुबंध के बाद भी जानबूझकर उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल जारी रखा।
विवाद
16 साल पुराना है विवाद
तमन्ना और 'पावर सोप्स' के बीच ये विवाद करीब 16 साल पुराने एक विज्ञापन समझौते से जुड़ा है। मामला तब शुरू हुआ, जब 2008 में तमन्ना ने 1 साल के लिए कंपनी के साबुन उत्पादों का प्रचार करने का करार किया था, जो अक्टूबर 2009 में समाप्त हो गया था। उनका आरोप था कि अनुबंध खत्म होने के बावजूद कंपनी ने 2010 और 2011 के दौरान उनके विज्ञापनों, प्रॉडक्ट रैपर्स और ऑनलाइन लिस्टिंग में उनकी तस्वीरों का उपयोग जारी रखा।
मांग
1 करोड़ हर्जाना और विज्ञापन रोक की मांग
तमन्ना ने न केवल 1 करोड़ के हर्जाने की मांग की थी, बल्कि कोर्ट से ये भी अपील की थी कि कंपनी पर उनकी तस्वीरों के भविष्य में इस्तेमाल करने पर स्थायी रोक लगाई जाए। सिंगल जज बेंच ने अभिनेत्री की दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि उनके द्वारा पेश किए गए सबूत (जैसे साबुन के रैपर और इंटरनेट लिस्टिंग) ये साबित करने के लिए काफी नहीं हैं कि कंपनी ने जानबूझकर अनुबंध का उल्लंघन किया है।
याचिका
सबूत अविश्वसनीय पाए गए, तमन्ना की याचिका खारिज
कोर्ट ने पाया कि जो दस्तावेज और सबूत पेश किए गए, वो 'अविश्वसनीय' थे और वे पावर सोप्स कंपनी और अभिनेत्री की तस्वीरों के कथित दुरुपयोग के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं कर पाए। इसी आधार पर 1 करोड़ के हर्जाने और विज्ञापन पर रोक की मांग को खारिज कर दिया गया था। काम के मोर्चे पर बात करें तो तमन्ना 'वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट', 'मारिया IPS', 'वी शांताराम' और 'रेंजर्स' जैसी फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी।