माधुरी दीक्षित ने क्यों की थी डॉ नेने से शादी? अभिनेत्री ने खुद किया इसका खुलासा
क्या है खबर?
बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित लाखों के दिलों पर राज करती हैं। हालांकि, उनका दिल तो उनके पति हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ श्रीराम नेने ने ही चुराया है। अब अभिनेत्री ने इस बारे में बात की है कि क्यों वह डॉ नेने पर अपना दिल हार बैठी थीं और उन्होंने क्यों उन्हें पति के रूप में चुना था। माधुरी ने कहा, "मैंने एक ऐसे व्यक्ति से शादी की, जो टूटे दिलों को जोड़ता है।"
माधुरी
सोनाली बेंद्रे के सवाल पर दिया ये जवाब
मराठी क्विज शो 'कोण होणार करोड़पति' के पहले एपिसोड में सोनाली बेंद्रे माधुरी के साथ हॉट सीट पर नजर आईं। इसी दौरान सोनाली ने मजाकिया अंदाज में कहा, "जब आपकी शादी हुई तो बहुत से लोगों का दिल टूट गया था।"
इस पर माधुरी ने भी हस्ते हुए कहा कि इसीलिए उन्होंने ऐसे व्यक्ति से शादी की, जो दिलों को जोड़ते हैं।
बता दें कि माधुरी और डॉ नेने की शादी 17 अक्टूबर, 1999 में हुई थी।
प्रेम कहानी
कुछ ऐसी है माधुरी और डॉ नेने की लव स्टोरी
डॉ नेने से माधुरी की मुलाकात लॉस एंजिल्स में हुई थी, जब वह अपने परिवार के एक समारोह में गई थीं। अमेरिका में बड़े होने के कारण डॉ नेने नहीं जानते थे कि माधुरी कौन हैं।
इसके चलते दोनों अच्छी तरह एक-दूसरे को जान पाए और दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा। रिलेशनशिप के 6 महीने बाद ही डॉ नेने ने माधुरी को शादी के लिए प्रपोज किया।
इस जोड़े के 2 बेटे हैं, जिनका नाम अरिन और रयान है।