मनोज मुंतशिर का तीखा तंज- जंतर-मंतर नहीं जाऊंगा, 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' के साथ खड़ा नहीं हो सकता
क्या है खबर?
प्रसिद्ध गीतकार मनोज मुंतशिर ने NEET परीक्षा के संदिग्ध पेपर लीक विवाद पर छात्रों का खुलकर समर्थन किया है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध-प्रदर्शन से दूरी बना ली है। पेपर लीक की घटना को पूरी तरह से अनुचित बताते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और जवाबदेही की मांग की। हालांकि, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया। क्या कुछ बोले मनोज मुंतशिर, आइए जानते हैं।
ताैबा
मुंतशिर ने जंतर मंतर जाने से जोड़े हाथ
टाइम्स नाउ को दिए साक्षात्कार में मुंतशिर ने स्पष्ट किया कि वो कभी जंतर-मंतर नहीं जाएंगे, क्योंकि वह उन लोगों के साथ खड़े नहीं होना चाहते, जो उनके अनुसार वहां प्रदर्शन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा, "इस देश का युवा 'कॉकरोच जनता पार्टी' से कहीं बेहतर का हकदार है।"
उन्होंने जोर दिया कि NEET पेपर लीक का मामला किसी भी तरह से बचाव के लायक नहीं है और ये एक गंभीर अपराध है।
दो टूक
"भीड़ में देशद्रोही और राम का अपमान करने वाले शामिल"
जंतर-मंतर प्रदर्शन का विरोध करते हुए मुंतशिर ने स्पष्ट किया कि वहां के भाषणों और प्रदर्शनकारियों को देखने के बाद वो उनसे कतई नहीं जुड़ना चाहते।
उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कई लोगों को 'देशद्रोही' तक करार दे दिया।
मुंतशिर ने दावा किया कि इस भीड़ में ऐसे लोग हैं, जो अतीत में भारत विरोधी नारे लगाने, कश्मीर के भारत में विलय पर सवाल उठाने और भगवान श्रीराम का अपमान करने के लिए जाने जाते हैं।
समर्थन
'टुकड़े-टुकड़े' गैंग का समर्थन नहीं कर सकता
गीतकार का कहना है कि वो देश को बांटने वाले विचार का समर्थन करने वालों के साथ कभी खड़े नहीं हो सकते। उन्होंने इस समूह को 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' गैंग का हिस्सा बताया।
उधर इस छात्र आंदोलन को फिल्म जगत से बड़ा समर्थन मिल रहा है। सोनू सूद, वीर दास, दीया मिर्जा, सोहा अली खान, अदिति राव हैदरी, रोहित सरफ, स्वरा भास्कर, आयुष शर्मा, प्रकाश राज और इमरान खान जैसे कलाकारों ने छात्रों के प्रति अपनी एकजुटता जताई है।