'द ऑफिस' की लुसी डेविस ने कैंसर का किया खुलासा, बोलीं- शांति में हूं
ब्रिटिश टीवी शो 'द ऑफिस' के यूके वर्जन में 'डॉन' का यादगार किरदार निभाने वाली अभिनेत्री लूसी डेविस ने एक बड़ा खुलासा किया है।
उन्होंने बताया है कि पिछले 18 महीनों से वह स्टेज 4 ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही हैं। लूसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जानकारी दी कि कैंसर अब उनकी रीढ़ की हड्डी, दाएं कूल्हे और पसलियों तक फैल चुका है।
लूसी ने साफ किया कि उनका कैंसर अब लाइलाज है और कीमोथेरेपी का विकल्प भी काम नहीं आ रहा, लेकिन इसके बावजूद वह हर दिन को पूरी तरह से जीने और खुश रहने पर फोकस कर रही हैं।
भारी समर्थन मिलने के बाद लूसी महसूस कर रही हैं शांति
अपनी बीमारी का खुलासा ऑनलाइन करने के बाद, लूसी को दुनियाभर से उनके प्रशंसकों और साथी अभिनेताओं का जबरदस्त समर्थन मिला।
उनकी सह-कलाकार जेना फिशर और कीरन शिपका ने उन्हें प्यार भरे संदेश भेजे, वहीं जाने-माने फिल्मकार एडगर राइट ने भी उनसे संपर्क साधा।
अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लूसी ने लिखा कि वह अपनी मौजूदा स्थिति से शांति महसूस कर रही हैं और खुशी तथा एक मकसद के साथ जीना चाहती हैं। उनकी यह ईमानदारी भरी बात हर जगह के लोगों के दिल को छू गई।