LOADING...
थिएटर के दिनों में ऐसे थे शाहरुख खान, किशोरावस्था में ही कहा था- बनूंगा स्टार
शाहरुख में था स्टार बनने का विश्वास

थिएटर के दिनों में ऐसे थे शाहरुख खान, किशोरावस्था में ही कहा था- बनूंगा स्टार

Jun 30, 2023
07:39 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान की दीवानगी आज दुनियाभर में है। हर रोज उनके घर मन्नत के बाहर उनकी एक झलक देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जमा होती है। निर्माताओं के लिए फिल्म में उनका होना ही काफी है। यह स्टारडम रातों-रात का नहीं, बल्कि उनकी जिंदगीभर की कमाई है। उनके कई साथी कलाकार उनके पुराने दिनों के बारे में बात कर चुके हैं। अब अभिनेत्री लिलेट दुबे ने दिल्ली में थिएटर के समय में उनके व्यक्तित्व पर बात की है।

ऊर्जा

उनमें गजब की ऊर्जा रहती थी- लिलेट

एक पॉडकास्ट से बातचीत में लिलेट ने बताया कि शाहरुख और वह दिल्ली में एक थिएटर प्रोजेक्ट पर साथ काम कर रहे थे। इस प्रोजेक्ट में उनके साथ रघुबीर यादव भी थे। तब शाहरुख 18-19 साल के थे। उन्होंने कहा कि वह बेहद खुशमिजाज थे और हमेशा ऊर्जा से भरे रहते थे। उन्हें देखकर ऐसा लगता था जैसे वह हमेशा 50 रेडबुल पीकर रहते हों। उनमें गजब का करिश्मा था और जाहिर है, वह काफी प्रतिभाशाली भी थे।

विश्वास

लिलेट को आज भी याद है शाहरुख की यह बात

लिलेट ने एक किस्सा याद करते हुए बताया कि एक बार वह और शाहरुख अभिनय के हुनर पर बात कर रहे थे। उन दिनों भी शाहरुख को विश्वास था कि वह स्टार बनेंगे। लिलेट के अनुसार उन्हें 30 साल बाद भी शाहरुख के साथ वो बातचीत याद है। शाहरुख ने उनसे कहा था, "मैं अभिनेता नहीं बनना चाहता, मैं स्टार बनूंगा, मैं एक रॉकस्टार बनने वाला हूं।" इसी आत्मविश्वास से आज शाहरुख दुनिया भर में नाम रोशन कर चुके हैं।

Advertisement

परिचय

कौन हैं लिलेट दुबे?

लिलेट फिल्मों का जानामाना चेहरा हैं। अपने अभिनय से वह अपनी अच्छी पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने 'गदर' में सकीना की मां का किरदार निभाया था। 'बागबान' में वह शांति पटेल की भूमिका में नजर आई थीं। शाहरुख के साथ वह 'चलते-चलते' और 'कल हो न हो' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। अब वह सोनम कपूर की फिल्म 'ब्लाइंड' में नजर आने वाली हैं। यह फिल्म 7 जुलाई को जियो सिनेमा पर रिलीज होगी।

Advertisement

मनोज बाजपेयी

मनोज बाजपेयी ने भी किया था पुराने दिनों को याद

लिलेट के पहले अभिनेता मनोज बाजपेयी ने भी शाहरुख के थिएटर के दिनों पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि वह शाहरुख को थिएटर के दिनों से जानते हैं। वह उनका बहुत सम्मान करते हैं क्योंकि उन्होंने सबकुछ खोने के बाद अपना एक नया परिवार बनाया, अपने लिए एक नई दुनिया खड़ी की। मनोज ने कहा था कि वह उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने शाहरुख के संघर्ष को करीब से देखा है।

Advertisement