आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिला ऑडियो मैसेज, VPN के जरिए भेजी गई धमकी
अभिनेता आमिर खान को हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से मिली धमकी के तार स्वीडन से जुड़ते दिख रहे हैं। जांच में सामने आया है कि इस धमकी भरे ऑडियो मैसेज को भेजने के लिए स्वीडन के VPN का इस्तेमाल किया गया था।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो में खुद को 'आरजू बिश्नोई' बताने वाला शख्स आमिर खान पर 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने और सनातन धर्म व देश की संस्कृति के खिलाफ काम करने का आरोप लगा रहा है। इसके साथ ही ऑडियो में आमिर खान को अंजाम भुगतने और सबक सिखाने की बात भी कही गई है।
पुलिस ने शुरू की VPN के इस्तेमाल की जांच
इस धमकी भरे संदेश में चेतावनी दी गई थी कि जल्द ही इसका करारा जवाब दिया जाएगा। इसके अलावा फेसबुक पर अज़ु और टायसन बिश्नोई के नाम से बनी ID से भी एक मिलता-जुलता पोस्ट सामने आया है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस गहराई से जांच में जुटी है। पुलिस को संदेह है कि संदेश भेजने वाले ने अपनी पहचान छिपाने के लिए 'टॉर ब्राउजेर' जैसे एडवांस्ड टूल्स का इस्तेमाल किया था। गौरतलब है कि बिश्नोई गैंग से पहले भी सलमान खान समेत कई फिल्मी सितारों को धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल, आमिर की तरफ से इस पूरे मामले पर कोई बयान या प्रतिक्रिया नहीं आई है।