सुष्मिता सेन को 'गोल्ड डिगर' कहे जाने पर ललित मोदी बोले- उन्होंने सब खुद कमाया
क्या है खबर?
सुष्मिता सेन के साथ 2022 में रोमांटिक तस्वीरें साझा करके ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी थी। तस्वीरों में अभिनेत्री ने एक बड़े हीरे की अंगूठी पहन रखी थी, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दोनों के रिश्ते पर सवाल उठाते हुए सुष्मिता को 'गोल्ड डिगर' तक कह दिया था। अब ललित ने अभिनेत्री संग अपने रिश्ते और सुष्मिता को "पैसे के लिए रिश्ता रखने वाली" करार देने पर बात की है।
बचाव
ललित मोदी ने किया सुष्मिता सेन का बचाव, बोले- उनकी कामयाबी खुद के दम पर
ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे से बातचीत में, ललित ने कहा, "सुष्मिता एक खूबसूरत और संपन्न महिला हैं। उनके पास इस धरती पर मेरे जानने वाले किसी भी व्यक्ति से ज्यादा हीरे हैं। उन्होंने सब खुद के दम पर कमाया है। उनके हीरे के स्टोर हैं।" उन्होंने आगे कहा, "ऐसा कभी नहीं हुआ कि मैं सुष्मिता के साथ कहीं बाहर गया और मुझे किसी चीज का भुगतान करना पड़ा हो। उन्होंने हर चीज का भुगतान खुद किया। मैं उनका आश्रित प्रेमी था।"
दोस्ती
ललित मोदी की आज भी करीबी दोस्त हैं सुष्मिता सेन
ललित का कहना है कि सुष्मिता आज भी उनकी करीबी दोस्त हैं, जिनके साथ उनकी यादें जुड़ी हैं। बता दें, ललित ने इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री संग तस्वीरें साझा करके अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। यही नहीं, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम बायो में 'माय लव' के बाद सुष्मिता का इंस्टाग्राम हैंडल भी जोड़ा। हालांकि बाद में ललित और सुष्मिता के ब्रेकअप की खबरें आने लगी थीं। फिलहाल सुष्मिता अपने एक्स-बॉयफ्रेंड रोहमन शॉल के साथ नजदीकियों को लेकर चर्चा में रहती हैं।