कुमार सानू की बेटी शैनन 'चल जिंदगी' से करेंगी बॉलीवुड डेब्यू, पहली झलक आई सामने
कुमार सानू ने कड़ी मेहनत से बॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। 'ए काश के हम', 'एक लड़की को देखा', 'तुझे देखा तो', 'चुरा के दिल मेरा', 'आंखों की गुस्ताखियां', 'मेरा दिल भी कितना पागल है' और 'लड़की बड़ी अनजानी है' जैसे उनके कई लोकप्रिय गानों को लोग आज भी गुनगुनाते हैं। फिलहाल सानू इंडस्ट्री में उतने सक्रिए नहीं है, लेकिन उनकी बेटी शैनन सानू फिल्म 'चल जिंदगी' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाली हैं।
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
'चल जिंदगी' में शैनन अभिनेता विवेक दहिया के साथ नजर आएंगी। वह भी इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपने अभिनय की शुरुआत करने जा रहे हैं। इसके अलावा इस रोड-ट्रिप फिल्म में संजय मिश्रा, मीता वशिष्ठ, विवान शर्मा और विक्रम सिंह भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह विवेक शर्मा द्वारा निर्देशित और प्रियांक जैन, प्रकाश राका, वैभव पंच और ऋतिका शर्मा द्वारा सह-निर्मित है। शैनन ने 'चल जिंदगी' में अपने पिता सानू के साथ 2 गाने भी गाए हैं।