कृतिका कामरा और गौरव कपूर बने हमसफर, मलाइका अरोड़ा समेत इन सितारों ने की शिरकत
क्या है खबर?
एक्टिंग की दुनिया और क्रिकेट जगत के बीच एक और खूबसूरत रिश्ता जुड़ गया है। मशहूर अभिनेत्री कृतिका कामरा और जाने-माने क्रिकेट कमेंटेटर गौरव कपूर ने 11 मार्च, 2026 को मुंबई में एक बेहद निजी समारोह में अपने रिश्ते को शादी का नाम दिया। लंबे समय तक अपने रिश्ते को लाइमलाइट से दूर रखने के बाद इस जोड़े ने एक साधारण कोर्ट मैरिज के जरिए अपने नए जीवन की शुरुआत की।
कमूक
करीबी दोस्तों और परिवारवालों के बीच सादगी से रचाई शादी
कृतिका और गौरव ने दिसंबर 2025 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। उन्होंने किसी भी तरह की तड़क-भड़क या फिजूलखर्ची के स्थान पर सादगी को चुना और रजिस्टर्ड मैरिज की। दोनों की इच्छा थी कि उनका विवाह समारोह किसी भव्य प्रदर्शन जैसा न होकर बहुत ही स्वाभाविक और आत्मीय हो। फरहान अख्तर से लेकर मलाइका अरोड़ा, नेहा धूपिया, सोहा अली खान और कृतिका-गौरव के कई करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों ने उनकी शादी में शिरकत की।
झलक
शादी के बाद मीडिया के सामने आए कृतिका-गौरव
कानूनी तौर पर एक-दूजे के होने के बाद कृतिका और गौरव ने मीडिया के कैमरों के सामने अपनी पहली उपस्थिति दर्ज कराई। लाल साड़ी में सजी कृतिका और आइवरी बंदगला में गौरव की जोड़ी बेहद शानदार लग रही थी। दोनों के चेहरों की मुस्कान उनके इस नए सफर की खुशी को साफ बयां कर रही थी। अब कृतिका-गौरव अपने सबसे करीबी दोस्तों और परिवारवालों के लिए एक खास मिलन समारोह का आयोजन करेंगे।
जानकारी
कृतिका टीवी स्टार तो गौरव लोकप्रिय होस्ट
बता दें कि जहां कृतिका टीवी की दुनिया में मशहूर हैं, वहीं गौरव को विशेष रूप से उनकी लोकप्रिय सीरीज 'ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस' की मेजबानी के लिए जाना जाता है। इस शो में वो खेल जगत की दिग्गज हस्तियों के साथ दिलचस्प साक्षात्कार करते हैं।