कृति सैनन ने अपने व्यक्तिगत अधिकारों को लेकर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- AI से डर लगता है
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सैनन ने हाल ही में अपने व्यक्तिगत अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अब उन्होंने पहली बार खुद इस बारे में खुलकर बात की है। NDTV वर्ल्ड समिट 2026 में अभिनेत्री ने 'द मेकिंग ऑफ अ मॉडर्न स्टार' विषय पर बात की और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर अपनी चिंता जताई। कृति ने कहा कि उन्हें AI से डर लगता है।
राय
AI एक धारदार टूल है- कृति
समारोह के दौरान कृति ने कहा, "AI से मुझे डर लगता है। मुझे लगता है कि ये बहुत से लोगों को डराता है। हालांकि, मेरा मानना है कि ये एक टूल है, कोई मंजिल नहीं। बात ये है कि ये एक बहुत ही धारदार टूल है और टूल जितना धारदार होता है, उतना ही खतरनाक भी हो सकता है। मैं तकनीक और नवाचार का पूरा समर्थन करती हूं। हालांकि, आखिरकार तकनीक के साथ-साथ कानूनों को भी विकसित होना पड़ता है।"
अंतर
असल और AI तस्वीरों के बीच फर्क करना मुश्किल- कृति
कृति ने व्यक्तिगत अधिकारों पर चिंता जताते हुए कहा, "मुझे नहीं पता कि AI असल में जो कुछ कर सकता है, उसके लिए हम तैयार हैं या नहीं। जहां तक व्यक्तिगत अधिकारों की बात है तो मुझे ये बहुत डरावना लगता है। आप ऑनलाइन जो कुछ भी देखते हैं, वो सच में बहुत डरावना है,"
कृति ने ये भी उजागर किया कि असली तस्वीरों और AI से बनी छवियों के बीच फर्क करना मुश्किल होता जा रहा है।
जानकारी
सही रिपोर्टिंग विकल्प की रखी मांग
कृति ने AI से बनी वीडियो या छवियों को रिपोर्ट करने के लिए सही विकल्प की जरूरत का मुद्दा भी उठाया। उनके हिसाब से हम आज भी उतनी तेजी से विकसित नहीं हो रहे हैं, जितनी तेजी से AI विकसित हो रहा है।