बिग बॉस के बाद कोई गायब तो कोई मशहूर, जानें क्या करते हैं पिछले 5 विजेता
क्या है खबर?
बिग बॉस 16 का सफर आखिरकार आज अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार को शो का ग्रैंड फिनाले प्रसारित किया जा रहा है और आज रात इस सीजन के विजेता की घोषणा हो जाएगी।
प्रशंसक सोशल मीडिया पर अपने-अपने पसंदीदा प्रतियोगियों को सपोर्ट कर रहे हैं।
'बिग बॉस' एक ऐसा शो है, जो किसी की भी लोकप्रियता को आसमान में पहुंचा देता है।
आइए, नजर डालते हैं, शो के पिछले पांच विजेताओं पर और अब वे कहां हैं।
बिग बॉस 15
बिग बॉस 15- तेजस्वी प्रकाश
तेजस्वी प्रकाश टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री रही हैं। वह 'स्वरागिनी', 'कर्णसंगिनी' और 'पहरेदार पिया की' जैसे शो से लोकप्रिय हुईं।
'बिग बॉस 15' में वह सबसे लोकप्रिय प्रतियोगियों में से एक थीं।
शो की विजेता बनकर वह अपने साथ 40 लाख रुपये की राशि ले गई थीं।
'बिग बॉस 15' के बाद उन्हें एकता कपूर का शो 'नागिन' मिला। इसके अलावा वह अभिनेता करण कुंद्रा के साथ अफेयर के कारण चर्चा में रहती हैं।
बिग बॉस 14
बिग बॉस 14- रुबीना दिलैक
रुबीना दिलैक टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। उन्होंने 'बिग बॉस 14' में अपने पति अभिनव शुक्ला के साथ हिस्सा लिया था। शो की विजेना बनकर उन्होंने ट्रॉफी के साथ 36 लाख रुपये जीते थे।
शो से निकलकर वह रोहित शेट्टी की एडवेंचर रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 12' में नजर आईं।
इसके बाद उन्होंने 'झलक दिखला जा 10' में हिस्सा लिया। इस शो में उन्होंने अपने डांस से काफी तारीफ बटोरी और पहली रनर अप रहीं।
बिग बॉस 13
बिग बॉस 13- सिद्धार्थ शुक्ला
सिद्धार्थ शुक्ला 'बालिका वधू' और 'दिल से दिल तक' जैसे शो से मशहूर थे। 'बिग बॉस 13' के बाद उनकी लोकप्रियता आसमान छूने लगी। वह इस शो के विजेता बने और 40 लाख रुपये की राशि जीती।
बिग बॉस से निकलने के बाद उन्होंने वेब सीरीज 'ब्रोकन बट ब्यूटिफुल' में काम किया। वह कई म्यूजिक एल्बम का भी हिस्सा थे।
सितंबर, 2021 में दिल का दौरा पड़ने की वजह से 40 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था।
बिग बॉस 12
बिग बॉस 12- दीपिका कक्कड़
दीपिका कक्कड़ धारावाहिक 'ससुराल सिमर का' में सिमर के किरदार के लिए लोकप्रिय हैं और उन्होंने 'बिग बॉस 12' में हिस्सा लिया था।
शो में क्रिकेटर श्रीसंत से उनकी दोस्ती काफी चर्चा में थी। शो की विजेता के तौर पर उन्होंने 30 लाख रुपये की राशि जीती।
शो के बाद वह धारावाहिक 'कहां हम कहां तुम' में नजर आईं। वह अपने पति के साथ यूट्यूब चैनल पर सक्रिय रहती हैं।
हाल ही में उन्होंने प्रेग्नेंसी की खबर भी दी है।
बिग बॉस 11
बिग बॉस 11- शिल्पा शिंदे
अभिनेत्री शिल्पा शिंदे कॉमेडी शो 'भाभीजी घर पर हैं' से मशहूर हुई थीं। इस शो की लोकप्रियता चरम पर थी, तभी शिल्पा और निर्माताओं में विवाद हो गया और उन्होंने शो छोड़ दिया।
इसके बाद उन्होंने 'बिग बॉस 11' में हिस्सा लिया और शो की विजेता बनीं। बीते दिनों वह डांस रिएलिटी शो 'झलक दिखला जा 10' में नजर आई थीं।
कुछ दिनों पहले ही वह 'मैडम सर' की अभिनेत्री गुल्की जोशी के साथ झगड़े के कारण चर्चा में थीं।
बिग बॉस 10
बिग बॉस 10- मनवीर गुर्जर
मनवीर गुर्जर 'बिग बॉस' के विजेता बनने वाले पहले नॉन सेलिब्रिटी थे। विजेता बनकर वह अपने साथ 'बिग बॉस' की ट्रॉफी के साथ 50 लाख रुपये लेकर गए थे।
शो से निकलने के बाद वह धीमे-धीमे इंडस्ट्री की चकाचौंध के साथ-साथ सोशल मीडिया से भी गायब होते गए।
अब वह कहां हैं और क्या करते हैं इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार वह हरियाणा में खेती-बाड़ी और अपना फैमिली बिजनेस देखते हैं।