Page Loader
OTT पर 'कांतारा' का इंतजार कर रहे लोग, जानें कब और कहां आएगी फिल्म
जानें OTT पर कब आएगी 'कांतारा' (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@rishabshettyfilms)

OTT पर 'कांतारा' का इंतजार कर रहे लोग, जानें कब और कहां आएगी फिल्म

Oct 20, 2022
08:55 pm

क्या है खबर?

कन्नड़ फिल्म 'कांतारा' जब से हिंदी और अन्य भाषाओं में रिलीज हुई है, हर तरफ इसकी चर्चा है। क्रिटिक्स तो फिल्म की तारीफ कर ही रहे हैं, बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। सिनेमाघरों में फिल्म को देखने के लिए दर्शक लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं अब इसके OTT रिलीज को लेकर नई खबर सामने आई है। OTT पर फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है।

तारीख

4 नवंबर को OTT पर 'ब्रह्मास्त्र' से टकराएगी 'कांतारा'?

फिल्म के डिजिटल राइट्स OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो ने पहले ही खरीद लिए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म अमेजन प्राइम पर 4 नवंबर को रिलीज होगी। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। खास बात यह है कि 4 नवंबर को ही डिज्नी+ हॉटस्टार पर इस साल की सबसे चर्चित फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' रिलीज की जाएगी। यह भी OTT पर बहुप्रतिक्षित फिल्मों में से एक है। फिल्म 9 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

कहानी

मानव और प्रकृति के टकराव की कहानी है 'कांतारा'

'कांतारा' का प्लॉट 1847 पर आधारित है। फिल्म के केंद्र में मानव और प्रकृति का टकराव है। फिल्म में कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों का एक काल्पनिक गांव दिखाया गया है। इसमें क्षेत्रीय परंपराएं भी दिखाई गई हैं। फिल्म में ऋषभ शेट्टी मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। यह फिल्म कन्नड में 30 सितंबर को रिलीज हुई थी। लोगों की मांग के बाद इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में 14 अक्टूबर को रिलीज किया गया।

बॉक्स ऑफिस

क्या बॉक्स ऑफिस पर 'KGF' को पछाड़ पाएगी 'कांतारा'?

'कांतारा' ने सभी भाषाओं को मिलाकर दुनियाभर में 171 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। इस आंकड़े के साथ फिल्म ने 'विक्रांत रोना' और 'चार्ली 777' को पीछे छोड़ दिया है और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी कन्नड़ फिल्म बन गई है। पहले और दूसरे स्थान पर 'KGF-2' और 'KGF-1' बनी हुई है। जानकारों का मानना है कि फिल्म जिस रफ्तार से आगे बढ़ रही है, वह जल्द ही इनसे आगे निकल सकती है।

लोकप्रियता

अल्लू अर्जुन के पिता ने ऋषभ को दिया अपनी फिल्म का प्रस्ताव

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार 'कांतारा' की सफलता को देखते हुए अल्लू अर्जुन के पिता और फिल्म प्रोड्यूसर अल्लू अरविंद ने ऋषभ शेट्टी को अपनी अगली फिल्म का प्रस्ताव दिया है। 'कांतारा' के तेलुगु वर्जन की सफलता पर बात करते हुए अल्लू अरविंद ने यह बात कही थी। उन्होंने मीडिया को बताया कि उन्होंने ऋषभ से उनके बैनर गीता आर्ट्स के साथ एक फिल्म करने के लिए संपर्क किया है।