'किंग' में दिखेगा एक्शन का असली दम, 10 रूसी योद्धाओं से अकेले भिड़ेंगे शाहरुख खान
क्या है खबर?
शाहरुख खान 'किंग' को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। ताजा खबरों के मुताबिक, निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने मुंबई में एक विशेष एक्शन सीक्वेंस शूट करने के लिए 10 रूसी फाइटर्स को बुलाया है। विले पार्ले के एक पुराने मिल सेट पर इसकी शूटिंग शुरू होगी। इससे पहले शाहरुख और सुहाना खान ने लगातार 8 रातों तक 'विजयदशमी' की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भव्य एक्शन सीन भी पूरा किया है।
तैयारी
10 प्रशिक्षित रूसी योद्धाओं से भिड़ेंगे शाहरुख
शाहरुख अपनी अगली फिल्म 'किंग' के लिए एक ये जोरदार एक्शन शेड्यूल शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मिड डे के मुताबिक, शाहरुख 10 प्रशिक्षित रूसी योद्धाओं संग एक बड़े फाइट सीक्वेंस की शूटिंग करेंगे। इस खबर ने फिल्म के बड़े पैमाने और इसके एक्शन डिजाइन को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता को काफी बढ़ा दिया है। फिल्म का प्रोडक्शन अभी अपने सबसे महत्वपूर्ण दौर में है, जिसकी शूटिंग फिलहाल मुंबई में जोरों-शोरों से चल रही है।
तैयारी
मुंबई में 'किंग' का भव्य एक्शन सेट तैयार, 23 मार्च से शुरू होगी शूटिंग
मुंबई की गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में एक पुरानी और वीरान मिल जैसा एक भव्य सेट तैयार किया गया है, जहां इस जबरदस्त एक्शन सीन की शूटिंग होगी। शूटिंग 23 मार्च से शुरू होने वाली है, जो लगभग 1 हफ्ते तक चलेगी। सूत्रों का कहना है कि ये एक्शन सीन 'किंग' के लिए तैयार किए गए सबसे बड़े दृश्यों में से एक है। निर्माता स्टाइलिश एक्शन के बजाय जमीनी और असली लगने वाली फाइट कोरियोग्राफी पर जोर दे रहे हैं।
स्टंट
'किंग' में शाहरुख खुद करेंगे खतरनाक स्टंट
स्टंट टीम और फाइटर्स पिछले कई हफ्तों से कड़ी ट्रेनिंग और तैयारी कर रहे हैं ताकि शूटिंग के दौरान हर सीन एकदम सटीक और असरदार रहे, वहीं सबसे खास बात है कि शाहरुख इस सीक्वेंस के मुख्य हिस्से बिना किसी बॉडी डबल के करेंगे। उन्हें फिर ऐसे चुनौतीपूर्ण अवतार में देखने के लिए फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। सिद्धार्थ आनंद अपनी भव्य एक्शन फिल्मों के लिए मशहूर हैं और 'किंग' शाहरुख के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक है।
एक्शन
रावण दहन के बीच 'किंग' में शाहरुख-सुहाना का जबरदस्त एक्शन
फिल्म में एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण एक्शन सीन विजयादशमी के बैकड्रॉप पर सेट किया गया है। इसमें रावण दहन के भव्य दृश्यों के बीच शाहरुख और सुहाना खान को एक्शन करते दिखाया जाएगा। इस एक सीक्वेंस को शूट करने के लिए शाहरुख-सुहाना ने मुंबई के एक स्टूडियो में लगातार 8 रातों तक काम किया है। ऐसा पहली बार होगा, जब किसी बड़े कमर्शियल सीन में शाहरुख अपनी बेटी सुहाना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दुश्मनों से भिड़ते दिखेंगे।
जानकारी
इस साल क्रिसमस पर रिलीज होगी फिल्म
बता दें कि ये फिल्म स्टाइल, तीव्रता और सिनेमाई भव्यता का एक जबरदस्त मिश्रण होने का वादा करती है। 'किंग' क्रिसमस 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण और रानी मुखर्जी भी इसका हिस्सा हैं।