LOADING...
कियारा आडवाणी के करियर की 5 सबसे कमाऊ फिल्में, पहले नंबर पर कौन? 
ये हैं कियारा आडवाणी की 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@kiaraaliaadvani)

कियारा आडवाणी के करियर की 5 सबसे कमाऊ फिल्में, पहले नंबर पर कौन? 

Jul 31, 2025
10:09 am

क्या है खबर?

कियारा आडवाणी किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। वह बॉलीवुड में खुद को बेहतरीन अभिनेत्री के तौर पर स्थापित कर चुकी हैं। उन्होंने साल 2014 में आई फिल्म 'फगली' के जरिए अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद कियारा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपने करियर में कई सफल फिल्में दीं। कियारा 34 साल की हो गई हैं। आइए इस मौके पर उनकी 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के बारे में जानें।

#1

'कबीर सिंह' 

कियारा के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'कबीर सिंह' हैं, जिसका निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा ने किया था। इसमें उनकी जोड़ी शाहिद कपूर के साथ बनी थी। दोनों की केमिस्ट्री लोगों को खूब पसंद आई। महज 55 करोड़ रुपये की लागत में बनी इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 278.80 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, वहीं दुनियाभर में यह फिल्म 377 करोड़ रुपये में सफल रही। 'कबीर सिंह' को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#2

'गुड न्यूज' 

कियारा की फिल्म 'गुड न्यूज' ने भी दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया था। यह फिल्म 27 दिसंबर, 2019 में रिलीज हुई थी। राज मेहता के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कियारा के साथ दिलजीत दोसांझ, अक्षय कुमार और करीना कपूर नजर आए थे। 'गुड न्यूज' ने भारत में 205.09 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 316 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं इस फिल्म को बनाने में केवल 60 करोड़ रुपये लगे। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#3

'भूल भुलैया 2' 

इस फेहरिस्त में तीसरा नाम फिल्म 'भूल भुलैया 2' का है, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 20 मई, 2022 को रिलीज हुई थी। कार्तिक आर्यन इस फिल्म के हीरो थे, वहीं तब्बू ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई थी। 'भूल भुलैया 2' ने भारत में 184.32 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 265.5 करोड़ रुपये जुटाए थे। फिल्म का बजट केवल 80 करोड़ रुपये था। फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

#4

'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' 

साल 2016 में आई फिल्म 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' कियारा के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई थी। इसमें उनकी जोड़ी दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ बनी थी। नीरज पांडे के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने भारत में 133.09 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि दुनियाभर में यह 215.5 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही। इस फिल्म को बनाने में 104 करोड़ रुपये लगे थे। जियो हॉटस्टार पर फिल्म देखी जा सकती है।

#5

'जुगजुग जियो' 

राज मेहता के निर्देशन में बनी फिल्म 'जुगजुग जियो' में कियारा की जोड़ी वरुण धवन के साथ बनी थी। इसमें अनिल कपूर, नीतू कपूर और मनीष पॉल जैसे कलाकार भी नजर आए थे। 'जुगजुग जियो' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 84.11 करोड़ रुपये जुटाए थे, वहीं दुनियाभर में यह 137.5 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही। इस फिल्म का बजट 100 करोड़ रुपये था। 'जुगजुग जियो' को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।