अमिताभ बच्चन की तबीयत बिगड़ी, एक हफ्ते के लिए रुकी 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग
क्या है खबर?
महानायक अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक न होने के कारण उनके लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) की शूटिंग पिछले एक हफ्ते से रोक दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, बिग बी के अस्वस्थ होने की वजह से निर्माताओं ने नए एपिसोड्स की शूटिंग अस्थायी रूप से टाल दी है। शूटिंग रुकने के कारण चैनल फिलहाल 'दिवाली स्पेशल वीक' के तहत सेलिब्रिटी मेहमानों वाले पुराने एपिसोड्स का ही दोबारा प्रसारण कर रहा है।
स्पेशल एपिसोड
समय से पहले ऑन-एयर हुआ 'रामायण' स्पेशल एपिसोड
सूत्रों के मुताबिक, शो के लिए शूट हुआ आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड फिल्म 'रामायण' की सितारों रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ था, जो अपनी फिल्म के प्रचार के लिए पहुंचे थे।
ये खास एपिसोड फिल्म की रिलीज के वक्त प्रसारित किया जाना था, लेकिन अमिताभ की तबीयत बिगड़ने के कारण निर्माताओं को पूरी योजना बदलनी पड़ी। एपिसोड को रोककर रखने के बजाय चैनल ने इसे पिछले हफ्ते 'दिवाली स्पेशल वीक' के तहत ही ऑन-एयर कर दिया।
शूटिंग
सेहत सुधरते ही अगले हफ्ते से शुरू होगी KBC की शूटिंग
सूत्रों के अनुसार, अगर महानायक की तबीयत में सुधार होता है तो अगले हफ्ते से शो की शूटिंग दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।
सूत्र ने आगे कहा, "उम्मीद है कि अगले सप्ताह से शूटिंग फिर से शुरू हो जाएगी, लेकिन यह पूरी तरह से बिग बी के स्वास्थ्य पर निर्भर करेगा।"
अमिताभ ने हाल ही में अपने ब्लॉग में अपनी दिनचर्या में लौटने और प्रशंसकों के साथ अपने जुड़ाव को लेकर बात की है।
दर्द
अपनी घटती याददाश्त पर छलका बिग बी का दर्द
अमिताभ ने शनिवार को अपने ब्लॉग में अपनी घटती याददाश्त का जिक्र कर लिखा, 'जब आप रूटीन में होते हैं तो सब याद रहता है, लेकिन रूटीन से हटते ही चीजें भूलने लगते हैं। अब चश्मा, मोबाइल और कुछ देर पहले किया काम भूल जाता हूं, लेकिन 1960 की 8वीं क्लास की बातें आज भी याद हैं।'
बिग बी ने आगे कहा कि वो फैंस का प्यार, संडे की मुलाकात और KBC के दर्शकों का अपनापन कभी नहीं भूल सकते।
दुर्घटना
...जब मौत को मात देकर घर लौटे थे महानायक
अमिताभ की सेहत हमेशा फैंस के लिए चिंता का विषय रही है। उनकी सबसे बड़ी दुर्घटना 1982 में फिल्म 'कुली' के सेट पर हुई थी, जहां एक फाइट सीन के दौरान उन्हें पेट में गंभीर चोट लगी थी।
उस वक्त बिग बी कुछ मिनटों के लिए चिकित्सकीय रूप से मृत घोषित हो चुके थे और कई सर्जरी से गुजरे थे। 2 अगस्त, 1982 को अस्पताल से ठीक होकर घर लौटने वाले दिन को अमिताभ अपना 'दूसरा जन्मदिन' मानते हैं।