कार्तिक आर्यन-कबीर खान की जोड़ी का अगला मिशन, 7 साल की चैंपियन और एक जांबाज कोच
क्या है खबर?
'चंदू चैंपियन' के बाद कार्तिक आर्यन और निर्देशक कबीर खान एक बार फिर साथ आ रहे हैं। इस बार भी वो पर्दे पर एक ऐसी अनकही और प्रेरणादायक दास्तां पेश करने जा रहे हैं, जिसे सुनकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा। इस स्पोर्ट्स ड्रामा में कार्तिक पहली बार एक अनदेखे किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी कश्मीर की एक ऐसी नन्हीं जांबाज खिलाड़ी पर आधारित है, जिसने दुनियाभर में भारत की सफलता का परचम लहराया।
किरदार
फिल्म में किकबॉक्सिंग कोच की भूमिका में कार्तिक
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, 'चंदू चैंपियन' के बाद कार्तिक और कबीर एक बार फिर एक अविश्वसनीय सच्ची कहानी को पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। इस फिल्म में कार्तिक एक किकबॉक्सिंग कोच की भूमिका में नजर आएंगे, जिसके लिए उन्होंने बहुत कड़ा शारीरिक प्रशिक्षण लिया है। इस फिल्म के जरिए कार्तिक पहली बार पर्दे पर किकबॉक्सिंग कोच का किरदार निभाते दिखेंगे, जो अशांत क्षेत्र से आने वाली एक कश्मीरी बच्ची को तमाम बाधाओं से लड़कर वर्ल्ड चैंपियनशिप तक पहुंचाता है।
कहानी
तजामुल इस्लाम की कहानी दिखाएगी फिल्म
फिल्म तजामुल इस्लाम के जीवन की उस अविश्वसनीय यात्रा को दर्शाती है, जिसने महज 7 साल की उम्र में इतिहास रच दिया था। वो भारत की सबसे कम उम्र की किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियन हैं। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले की रहने वाली तजामुल 'सब-जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप' जीतने वाली पहली कश्मीरी खिलाड़ी बनीं। कबीर खान की ये फिल्म उन युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा बनेगी, जो अपने हालातों और सीमाओं में बंधे होने के बावजूद आसमान छूने का सपना देखते हैं।