'गोलमाल 5' में करीना कपूर की वापसी पक्की, रोहित शेट्टी की सबसे बड़ी 'पलटन' तैयार
क्या है खबर?
रोहित शेट्टी की ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'गोलमाल 5' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म में करीना कपूर की वापसी पक्की हो गई है, जो एक बार फिर अजय देवगन के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। इस बार रोहित शेट्टी ने अक्षय कुमार को भी इस फिल्म से जोड़कर एक बड़ा कास्टिंग धमाका किया है। अजय, अक्षय और करीना जैसे सितारों के साथ 'गोलमाल 5' की ये पलटन अब तक की सबसे बड़ी टीम मानी जा रही है।
रिपोर्ट
तारीखों की अड़चन के बाद आखिरकार बन ही गई बात
बॉलीवुड हंगामा काे फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया, "करीना की कास्टिंग में थोड़ा समय लगा, क्योंकि तारीख और कुछ अन्य मुद्दों पर बातचीत चल रही थी। रोहित शेट्टी और अजय देवगन उन्हें फिल्म में लेने के लिए बेहद उत्सुक थे, वहीं करीना भी 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी में लौटने को लेकर उत्साहित थीं। रोहित की टीम ने करीना के लिए एक बेहद मजेदार और अनोखा रोल तैयार किया है, जिसके लिए आखिरकार बात बन गई है।"
धमाका
'गोलमाल 5' में सितारों का महा-संगम
ट्रेड पंडितों का मानना है कि 'गोलमाल 5' को लेकर पहले ही काफी उत्साह था, क्योंकि इसके सभी पिछले चारों भाग सफल रहे हैं। अब अक्षय की एंट्री और करीना की वापसी ने फिल्म के प्रति रोमांच को दोगुना कर दिया है। जानकारों का मानना है कि ये करिश्मा केवल रोहित ही कर सकते थे। अपनी जबरदस्त साख और बॉक्स ऑफिस पर सफलता के बेमिसाल रिकॉर्ड के दम पर उन्होंने बॉलीवुड सितारों के इस महा-संगम को मुमकिन कर दिखाया है।