करण जौहर को पिता यश के निधन के बाद मिली थीं उनकी छोड़ी हुई चिट्ठियां
फिल्म 'कुछ कुछ होता है' की कहानी हर बॉलीवुड प्रशंसक को याद होगी जहां नन्ही अंजली को उसकी दिवंगत मां की चिट्ठियां मिलती है, जिसे पढ़कर वह कई अहम फैसले लेती है। फिल्म निर्माता यश जौहर असल में भी अपने बेटे करण जौहर के लिए ऐसी ही कुछ चिट्ठियां छोड़ गए थे जिनसे उनके देहांत के बाद करण को जीवन में आगे बढ़ने में मदद मिली। करण ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि इन चिट्ठियों में क्या-क्या लिखा था।
बिजनेस से नहीं था करण का कोई नाता
करण ने मास्टर्स यूनियन से बातचीत में बताया कि पिता के निधन के बाद उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आगे क्या करना है। वह एक दिन धर्मा प्रोडक्शन के ऑफिस में अकेले जाकर बैठ गए और सोचने लगे कि इस कंपनी को आगे कैसे ले जाएं। उन्हें पैसों के बारे में कुछ नहीं पता था। वह फाइनैंस से इतना दूर थे कि एक बार उन्होंने एक चेक पर साइन करने की बजाय 'लॉट्स ऑफ लव' लिख दिया था।
पिता की छोड़ी चिट्ठियों ने की मदद
करण ने बताया कि पिता के निधन के चार दिन बाद उन्हें एक फैमिली फ्रेंड ने उनकी लिखी हुई चिट्ठियां लाकर दीं। उन्होंने यह भी बताया कि यश को पता था कि करण कुछ भी नहीं जानते हैं, इसलिए ये लिखकर गए हैं। छह पन्ने की उस चिट्ठी में कहां क्या निवेश है, कहां फंड है सबका हिसाब-किताब लिखा था। करण ने उन चिट्ठियों की मदद से ही बिजनेस को आगे बढ़ाना शुरू किया। वह उन्हें बाइबल मानते हैं।
लोकप्रिय निर्माता थे यश जौहर
यश जौहर बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता थे। उन्होंने 'दोस्ताना', 'दुनिया', 'अग्निपथ', 'गुमराह', 'डुप्लीकेट', 'कुछ कुछ होता है', 'कभी खुशी कभी गम' जैसी फिल्मों का निर्माण किया। वहीं करण भी बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक हैं। उन्होंने 'कुछ कुछ होता है' से निर्देशन की शुरुआत की थी। वह 'कभी खुशी कभी गम', 'कभी अलविदा न कहना', 'माई नेम इज खान' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। वह अपने चैट शो 'कॉफी विद करण' के लिए भी जाने जाते हैं।
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' का निर्देशन कर रहे करण
करण ने आखिरी बार साल 2016 में आई फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' का निर्देशन किया था। इस फिल्म के बाद करण ने निर्देशन से ब्रेक ले लिया और बतौर निर्माता फिल्मों से जुड़े रहे। अब पूरे सात साल बाद करण, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के जरिए बतौर निर्देशक वापसी करने जा रहे हैं। यह फिल्म 28 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।