कपिल शर्मा की टीवी और फिल्मों के बाद नई पारी, नेटफ्लिक्स ने शुरू की तैयारी
क्या है खबर?
कॉमेडियन कपिल शर्मा टीवी और फिल्मों के बाद अब OTT पर कदम रख रहे हैं। खबर है कि वो जल्द ही एक नई कॉमेडी वेब सीरीज में मुख्य भूमिका निभाएंगे, जिस पर नेटफ्लिक्स दांव लगा रहा है। फिलहाल निर्माताओं ने इस प्रोजेक्ट की जानकारियों को पूरी तरह गुप्त रखा है, लेकिन कपिल के फैंस उनकी इस नई पारी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। इस खबर के आने भर से कपिल के प्रशंसकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
वेब सीरीज
अब वेब सीरीज में काम करेंगे कपिल
वैराइटी इंडिया के मुताबिक, फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने के बाद कपिल अब एक नई वेब सीरीज में लीड रोल निभाते नजर आएंगे। नेटफ्लिक्स पर उनके पिछले शो की सफलता को देखते हुए इस नए प्रोजेक्ट पर दांव लगाया जा रहा है। ये एक जबरदस्त कॉमेडी सीरीज होने वाली है। इस सीरीज की शूटिंग अगले महीने भारत के बाहर (विदेश में) शुरू होगी। अब बस इंतजार है तो कपिल और नेटफ्लिक्स की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि का।
फिल्म
'दादी की शादी' के राइट्स भी खरीद चुके कपिल
सिर्फ वेब सीरीज ही नहीं, नेटफ्लिक्स ने कपिल शर्मा की आने वाली फिल्म 'दादी की शादी' के स्ट्रीमिंग राइट्स भी खरीद लिए हैं। आशीष आर मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नीतू सिंह, रिद्धिमा कपूर और सैदा खतीब मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी एक जिंदादिल परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां घर की बुजुर्ग महिला (दादी) के दोबारा शादी करने के फैसले के बाद हंसी-मजाक और ड्रामे का तड़का देखने को मिलेगा।