'कांतारा' अभिनेत्री सप्तमी गौड़ा का पैपराजी पर क्यों फूटा गुस्सा? बोलीं- ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं
क्या है खबर?
ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'कांतारा' से लोकप्रियता हासिल करने वालीं अभिनेत्री सप्तमी गौड़ा ने पैपराजी को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सार्वजनिक जगहों पर तस्वीरें, वीडियो क्लिक करने और प्रसारित करने के तरीके पर अपनी चिंता जाहिर की। अभिनेत्री ने कहा कि इस तरह अनावश्यक जूम-इन तस्वीरों से अभिनेत्रियों के काम के बजाए उनके शरीर पर ध्यान केंद्रित होता है। लिहाजा उन्होंने पैपराजी के एक वर्ग से पेशेवर रवैया अपनाने की अपील की है।
पोस्ट
पोस्ट में लिखा- 'यह व्यवहार अपमानजनक और अस्वीकार्य'
सप्तमी ने इंस्टाग्राम पर साझा पोस्ट में लिखा, 'इंडस्ट्री में महिला होने के नाते, हम बार-बार आने वाली समस्या के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठा रही हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में हमारे काम की जगह हमारे शरीर पर फोकस किया जाता है। कुछ व्यक्तियों द्वारा किया गया यह व्यवहार अपमानजनक और अस्वीकार्य है। हम यहां अपने काम के लिए हैं। हम यहां अपने सिनेमा के लिए हैं। हम जानबूझकर जूम-इन करने और अनुचित एंगल की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं।'
कैप्शन
अभिनेत्री ने हैशटैग 'कलाकार, वस्तु नहीं' के साथ कैप्शन दिया
अभिनेत्री ने आगे लिखा, 'हम उन सभी महिलाओं के साथ एकजुट हैं जिन्होंने इसका अनुभव किया है- और हम सम्मान की मांग करने में एक-दूसरे का समर्थन करना जारी रखेंगे।' उन्होंने हैशटैग 'कलाकार, वस्तु नहीं' कैप्शन देकर अपनी बात खत्म की। बता दें कि सप्तमी 'कांतारा' के अलावा, विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' का हिस्सा भी रही हैं। हाल ही में उन्हें उन्हें फिल्म 'द राइज ऑफ अशोका' (फरवरी, 2026) में देखा गया है।