कंगना रनौत मानहानि मामले की सुनवाई टली, वकीलों की हड़ताल ने डाली खलल
मनोरंजन
अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के खिलाफ बठिंडा में चल रहे मानहानि मामले की सुनवाई टल गई है। वकीलों की लगातार चल रही हड़ताल के कारण अब इस मामले पर 3 अगस्त को सुनवाई होगी। ये केस महाविंदर कौर ने दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि साल 2021 में कंगना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करके उन्हें बदनाम करने की कोशिश की थी।
महाविंदर कौर ने कंगना पर लगाए आरोप
महाविंदर कौर का कहना है कि कंगना रनौत ने उन्हें गलत तरीके से बिलकिस बानो (शाहीन बाग आंदोलन वाली) बताया। कौर ने ये भी आरोप लगाया कि कंगना ने कहा था कि उनकी जैसी महिलाओं को प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए 100 रुपये मिलते हैं। जब ये सुनवाई दोबारा शुरू होगी तो कोर्ट महाविंदर कौर और एक अन्य गवाह के बयान दर्ज करेगा। इसके अलावा कोर्ट इस बात पर भी विचार करेगा कि कंगना को अपना पासपोर्ट जमा कराना चाहिए या नहीं।