बॉक्स ऑफिस पर कंगना रनौत का कड़ा इम्तिहान, क्या 'भारत भाग्य विधाता' लगाएगी बेड़ा पार?
क्या है खबर?
कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' रिलीज हो चुकी है। कंगना के लिए ये महज एक फिल्म नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर खुद को दोबारा साबित करने का सबसे कड़ा इम्तिहान है। दरअसल, 'थलाइवी' से लेकर 'धाकड़' और 'इमरजेंसी' समेत तक कंगना की पिछली 5 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकीं। लगातार मिल रही असफलताओं के सिलसिले को तोड़ने के लिए कंगना को इस फिल्म से एक बड़ी 'हिट' की उम्मीद है।
#1
'इमरजेंसी'
साल 2025 में कंगना फिल्म 'इमरजेंसी' लेकर आई थीं। देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन और 1975 के आपातकाल पर आधारित इस फिल्म से कंगना को बहुत उम्मीदें थीं। फिल्म के निर्देशन से लेकर अभिनय तक की जिम्मेदारी कंगना ने खुद संभाली थी। इसे समीक्षकों से तो शानदार प्रतिक्रिया मिली, लेकिन ये सिनेमाघरों में दर्शकों को खींचने में नाकाम रहीं। 60 करोड़ रुपये के बजट वाली ये फिल्म महज 21 करोड़ रुपये कमा पाई थी।
#2
'तेजस'
साल 2023 में कंगना को फिल्म 'तेजस' में देखा गया था। वायुसेना के फाइटर पायलट की जिंदगी पर बनी इस फिल्म का हश्र बॉक्स ऑफिस पर बेहद बुरा रहा। देशभक्ति के जज्बे से भरपूर होने के बावजूद कमजोर स्क्रीनप्ले के कारण दर्शकों ने इसे सिरे से नकार दिया। कई सिनेमाघरों में तो इसके शो तक रद्द करने पड़े थे। 70 करोड़ इस फिल्म का बजट था और ये बमुश्किल दुनियाभर में 5 से 6 करोड़ रुपये जुटा पाई थी।
#3
'धाकड़'
कंगना ने साल 2022 में आई 'धाकड़' में 'एजेंट अग्नि' बनकर हॉलीवुड स्टाइल का खतरनाक एक्शन किया था। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड इतिहास की सबसे महा-फ्लॉप फिल्मों में शुमार हो गई, लेकिन एक महिला एक्शन स्टार के तौर पर कंगना के जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन, उनके लुक और खतरनाक स्टंट की इंडस्ट्री में खूब सराहना हुई थी। बता दें कि 85 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म को 3 करोड़ रुपये कमाने में पसीने छूट गए थे।
#4 और #5
'थलाइवी' और 'पंगा'
'थलाइवी' के लिए भी कंगना ने कड़ी मेहनत की और वजन भी बढ़ाया। अभिनय के लिए तारीफ मिलने के बावजूद कोरोना महामारी और कमजोर वितरण के कारण 100 करोड़ रुपये के बजट वाली ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 4 करोड़ रुपये कमा सकी। इससे पहले आई फिल्म 'पंगा' को इसकी प्रेरणादायक कहानी और कंगना के सहज अभिनय के लिए सराहना मिली, लेकिन 49 करोड़ रुपये की लागत वाली ये फिल्म दुनियाभर में 41 करोड़ रुपये ही जुटा पाई।
उम्मीद
क्या कंगना के करियर के लिए 'संजीवनी' बनेगी 'भारत भाग्य विधाता'?
लगातार उतार-चढ़ाव भरे इस सफर के बाद कंगना की 'भारत भाग्य विधाता' आखिरकार उनके करियर के लिए एक संजीवनी बूटी साबित होती दिख रही है। रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। 26/11 हमलों के दौरान कामा अस्पताल की नर्सों के साहस की सच्ची कहानी ने दर्शकों को भावुक कर दिया है। अब देखना होगा कि शुरुआती तारीफों का ये दौर बॉक्स ऑफिस के कलेक्शन में कितना तब्दील हो पाता है।